रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 9 नवंबर। पीएम नरेंद्र मोदी के हमशक्ल अभिनंदन पाठक की चुनाव प्रचार के लिए काफी डिमांड है। पाठक ने पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल के पक्ष में प्रचार किया। इसके बाद गुरुवार को मध्यप्रदेश के लिए रवाना हो गए।
मोदी के हमशक्ल अभिनंदन पाठक ने दो दिन यहां रहकर पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल के विधानसभा क्षेत्र रायपुर दक्षिण के अलग-अलग इलाकों में जाकर प्रचार किया, और बृजमोहन को जीताने की अपील की। इस दौरान उनसे सेल्फी लेने की होड़ भी मची रही।
पाठक मूलत: सहारनपुर के रहने वाले हैं। और खुद को मोदी का भक्त कहते हैं। बताया गया कि मध्यप्रदेश के भाजपा नेताओं ने भी पाठक से संपर्क किया। इसके बाद वो भोपाल के लिए निकल गए। पाठक ने पिछले विधानसभा चुनाव में पूरे राज्य में भाजपा के पक्ष में प्रचार किया। हालांकि इस दौरान उन्होंने ये भी कहा कि जब वो बीजेपी के लिए प्रचार कर रहे थे तो तत्कालीन सीएम रमन सिंह ने उनके रहने तक की व्यवस्था नहीं की।