रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 9 नवंबर। छत्तीसगढ़ में लगातार पांच साल तक महंगाई भत्ता के लिए तरसाने वाली सरकार एक बार फिर से विधानसभा चुनाव में आचार संहिता लागू होने के बहाने केंद्र सरकार द्वारा जुलाई 23 से घोषित 4प्रतिशत डीए/डीआर देने में पूर्ववत विलम्ब कर रही है ।
इसी बीच शंका है कि विधान सभा चुनाव में 7 नवंबर को 20 सीटों में हुए प्रथम चरण मतदान की रिपोर्ट ने जिसमें कर्मचारियों व पेंशनर्स द्वारा डीए/डीआर को लेकर नाराजगी व्यक्त करने की खबर ने मुख्यमंत्री को मजबूर कर दिया और उन्हें इस बारे में चुनाव आयोग से अनुमति लेने के लिए अधिकारियों को निर्देश देना पड़ा है ।जबकि एक अन्य चुनावी राज्य राजस्थान में कांग्रेस सरकार ने ही इस बारे में अक्टूबर 23 में आचार संहिता में ही आदेश जारी कर कर्मचारियों की समर्थन पाने के लिए कवायद पूरी कर चुके है।
छत्तीसगढ़ राज्य संयुक्त पेंशनर फेडरेशन के प्रदेश संयोजक तथा भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ छत्तीसगढ़ के प्रांताध्यक्ष वीरेन्द्र नामदेव ने आगे बताया है कि केंद्र सरकार द्वारा डीए/डीआर की घोषणा के बाद कर्मचारी और पेंशनर संगठनों ने मुख्य सचिव से भेंट कर ज्ञापन में राजस्थान का हवाला देकर शीघ्र छत्तीसगढ़ में इसे लागू करने मांग की थी।
मुख्यसचिव ने भरोसा दिया था प्रयास करेंगे,चुनाव आयोग से अनुमति लेंगे परंतु आज तक कुछ भी नहीं होने और मुख्यमंत्री द्वारा इस बारे में अधिकारियों को निर्देश देने की एक्स पोस्ट ने सिद्ध किया है कि मुख्य सचिव ने झूठ बोला और गुमराह किया है। जो एक जिम्मेदार अधिकारी के लिए अशोभनीय है।
उन्होने कहा कि ये आदेश दीपावली के पूर्व समय पर करने हेतु मुख्यमंत्री ने बिलकुल ध्यान नहीं दिया और ऐसा प्रतीत होता है कि राज्य के अधिकारियों द्वारा भी उन्हें अंधेरे में रखा गया है।