रायपुर
रायपुर, 9 नवंबर। छत्तीसगढ़ प्रदेश तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ के संरक्षक पीआर यादव ने भाजपा से आग्रह किया है कि वह ओपीएस को लेकर स्थिति स्पष्ट करे। संगठन के वाट्सएप ग्रुप में अपने साथियों से कहा है कि विधानसभा चुनाव प्रचार अपने चरम सीमा पर है और कर्मचारी साथी चुनाव निष्पक्ष संपन्न करने के लिए पूर्व की भांति सत्य निष्ठा से लगे हुए हैं। प्रमुख राजनीतिक पार्टियों के घोषणा पत्र पर भी हम बारीक नजर रखे हुए हैं। कांग्रेस और भाजपा के सरकारों द्वारा कर्मचारियों के हित में पूर्व में जारी घोषणा पत्रों पर क्रियान्वयन कितना प्रतिशत हुआ है ?इसका भी आकलन कर रहे हैं। अभी सबसे महत्वपूर्ण प्रश्न है कि वर्तमान में प्रदेश के प्रमुख विपक्षी पार्टी भाजपा के घोषणा पत्र में ओल्ड पेंशन स्कीम को लेकर कोई आश्वासन नहीं दिया गया है तो क्या वे शासन में आएंगे तो छत्तीसगढ़ के कर्मचारियों लिए पुन: एनपीएस लागू करेंगे या ओ पी एस यथावत रखेंगे।