रायपुर

डीए/डीआर के मामले में अधिकारियों का बघेल सरकार को हराने का षडय़ंत्र तो नहीं— नामदेव
08-Nov-2023 4:09 PM
डीए/डीआर के मामले में अधिकारियों का बघेल सरकार को हराने का षडय़ंत्र तो नहीं— नामदेव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 8 नवंबर।
कर्मचारी नेता और पेंशनरों के संगठन के प्रमुख राष्ट्रीय पदाधिकारी वीरेन्द्र नामदेव ने राज्य में केन्द्र के समान जुलाई से बकाया 4 प्रतिशत डीए/डीआर का आदेश जारी करने में विलम्ब के लिए मंत्रालय के जिम्मेदार अधिकारियों पर भूपेश सरकार को विधान सभा चुनाव में नुकसान पहुंचा कर हराने का षडय़ंत्र रचने का संदेह व्यक्त किया है।

उन्होंने आगे बताया है कि राजस्थान में भी विधान सभा चुनाव प्रक्रियाधीन है। वहां पर चुनाव आयोग से अनुमति लेकर केंद्र के समान जुलाई 23 से 4 फीसदी कर्मचारियों और पेंशनरों के लिए महंगाई भत्ता (डीए/डीआर) देने का  31/10/23 को आदेश जारी किया जा चुका है, वेतन/पेंशन में भुगतान हो जाने का भी समाचार है। राजस्थान के केयर टेकर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने चुनावी लाभ लेने आचार संहिता का परवाह न करते हुए खुद सोशल मीडिया एक्स के माध्यम से पोस्ट कर सार्वजनिक रूप से सूचना सन्देश प्रसारित किया है। जबकि छत्तीसगढ़ राज्य में विगत 5 साल से तरसा तरसा कर करोड़ों रुपए एरियर को हजम कर विलम्ब से डीए/डीआर भुगतान किया जाता रहा है। इससे परेशान कर्मचारी संघों के नेता विधान सभा आचार संहिता के दौरान केन्द्र द्वारा केंद्रीय कर्मचारियों के 20अक्टूबर  और  पेंशनरों के लिए 27 अक्टूबर 23 को आदेेश जारी होने से एरियर सहित 4 प्रतिशत डीए/ डीआर  देने के आदेश जारी करने पर तुरंत मुख्य सचिव से सीधे भेंट कर राजस्थान की तरह चुनाव आयोग से अनुमति लेकर डीए/ डीआर आदेश जारी करने की मांग पर मुख्यसचिव ने भरोसा दिलाया कि इस बारे में प्रयास करेंगे।

परंतु  संदेह व्यक्त किया है कि यह मंत्रालय के जवाबदार अधिकारियों द्वारा जानबूझकर कांग्रेस पार्टी को राज्य में हराने का प्रयास तो नहीं है क्योंकि पांच साल से डीए/ डीआर के भुगतान को लेकर नाराज कर्मचारियों के लिए यह रवैया आग में घी डालने जैसा होगा। 

सीएम बघेल ने डीए देने कहा

इस बीच सीएम भूपेश बघेल  ने ट्वीट कर बताया कि हम छत्तीसगढ़ के शासकीय कर्मचारियों को केंद्र सरकार के समान डीए देना चाहते हैं। इसके लिए अधिकारियों को निर्वाचन आयोग से विधिवत अनुमति प्राप्त करने निर्देश दिया है।


अन्य पोस्ट