रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 7 नवंबर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने एक पहल करते हुए प्लेटफार्म पर प्रतीक्षारत महिला यात्रियों के लिए अक्षिता नाम से एक उपयुक्त स्थान को चिन्हांकित किया है जिसमें ट्रेन की प्रतीक्षा के दौरान महिला यात्रियों के लिए बैठने की सुविधा के साथ अन्य उपयुक्त सुविधा दी है ।
9 महत्वपूर्ण स्टेशनों बिलासपुर, रायपुर, राजनांदगांव, डोंगरगढ़, अनुपपुर, गोंदिया, रायगढ़, दुर्ग एवं भिलाई स्टेशनों के सामान्यतया प्लेटफार्म नंबर1 पर एक ऐसे जगह को चिन्हांकित किया जो कि प्लेटफार्म के लगभग मध्य स्थित हो, रेलवे सुरक्षा बल के पोस्ट, स्टेशन मास्टर आदि रेल कार्यालय के निकट हो । यहां अनिवार्यतया सीसीटीवी कैमरे लगें हो, पानी आदि की सुविधा
निकट हो ।
इन स्टेशनों पर उपर्युक्त संदर्भित सुविधाओं को देखते हुए ऐसे स्थानों को चिन्हाकित कर उन्हें बैरिकेट कर एक सेफ बबल का निर्माण किया गया । इन स्थानों पर रेलवे सुरक्षा बल की महिला कर्मी लगातार निगरानी करती हैं । इसमें पुरुष यात्रियों का प्रवेश वर्जित रहता है जिसके कारण अकेली प्रतीक्षारत महिलाएं सहज भाव से बिना किसी हिचक के आराम के साथ प्लेटफार्म पर अपना प्रतीक्षा समय व्यतीत करती है । चिन्हांकित स्थान होने के कारण प्रत्येक रेलकर्मी की नजर इस सेफ बबल पर रहती है जिससे यह स्थान महिलाओं के लिए सुरक्षात्मक दृष्टि से उपयुक्त है। सीसीटीवी कैमरे की नजर में इस स्थान के रहने से रेलवे सुरक्षा बल नियंत्रण कार्यालय लगातार इस पर अपनी नजर रखता है ।
यह स्थान कांच की दीवार से बैरिकेट होने के कारण सभी तरफ से द्रष्टव्य है । केवल महिलाओं की उपस्थिति उनमें पारस्परिक विश्वास पैदा करता है। अकेली महिलाओं के लिए यह स्थान अन्य महिलाओं के बीच तत्काल पहुँच उपलब्ध कराती है । अक्षिता सेफ बबल की सबसे महत्वपूर्ण बातें यह है कि यह सेफ बबल मौजूदा सुविधाओं का उपयोग करके ही बनाया गया केन्द्र बिन्दु है जिसमें कोई अतिरिक्त लागत नही लगी है तथा इसके अनुरक्षण में किसी भी अतिरिक्त लागत की आवश्यकता नहीं है । अक्षिता स्टेशन पर प्रतीक्षारत महिलाओं में आत्मविश्वास का संचार करता है तथा रेल यात्रा के प्रति उनके विश्वास को और मजबूत करता है।