रायपुर
आयोग कह चुका अनुमति की जरूरत नहीं
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 5 नवंबर। चुनाव आचार संहिता, गंभीर बिमारों के लिए मुसीबत का कारण बन गई है। जबकि आयोग ने ऐसा कोई निर्देश या रोक नहीं लगाई है। इतना ही ये योजनाएं चुनावों से कई वर्ष पहले से चल रही हैं। चुनाव के समय न तो ये घोषित हुई न लागू।
मिली जानकारी के अनुसार ब्रेस्ट कैंसर या इस जैसी अन्य गंभीर बिमारियों से पीडि़त मरीजों को पीएम, सीएम विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना के तहत राशि स्वीकृत की जाती है।
9 अक्टूबर के बाद से स्वास्थ्य विभाग के अफसर ,सीएमएचओ आचार संहिता की बात कहकर या तो फाइल रोक रहे हैं या फिर जिला,राज्य निर्वाचन पदाधिकारी को भेजकर इति श्री कर रहे। जहां इन दिनों चुनावी कार्य की वजह से दूसरे काम नहीं हो रहे, और मरीज का इलाज नहीं हो पा रहा या डिस्चार्ज नहीं हो रहे। इसके चक्कर में कुछ लोग अपना पैसा लगाने मजबूर है। लेकिन आचार संहिता हटने के बाद यह पैसा उन्हें रिएंबर्स होने से रहा। वहीं इसके लैप्स होने या अन्य किसी तरह के उपयोग दुरुपयोग की आशंका बढ़ जाती है ।
इस समस्या को देखते हुए सीईओ छत्तीसगढ़ ने एसीएस हेल्थ की क्वेरी पर कहा है कि पीएम, सीएम सहायता योजना की राशि सीधे चिकित्सा संस्थान को भुगतान करने से पहले आयोग की अनुमति आवश्यक नहीं है। किंतु जिला अस्पताल और अन्य मातहत अस्पताल के चिकित्सा अधिकारी या तो रोक रहे हैं या कलेक्टर को भेज कर टाल रहे हैं। इसके चलते मरीज और परिजन परेशानियों से जूझ रहे हैं। यह समस्या 5 दिसंबर तक बनी रहने से न जाने कितने मरीजों के जान खतरे में पड़ेगी।
मोबाइल मेडिकल यूनिट पर भी ब्रेक
इसी तरह से नगरीय प्रशासन विभाग के मोबाइल मेडिकल यूनिट के चलित अस्पतालों भी आचार संहिता के नाम पर ब्रेक लग गया है। इससे भी मोहल्ले में हर सप्ताह होने वाले बीपी, शुगर, मल्हम- पट्टी, सर्दी जुकाम बुखार जैसी छोटी छोटी स्वास्थ्य समस्याओं का निराकरण नहीं हो रहा है। इस संबंध में सीएमएचओ डॉ.चौधरी ने यह नगरीय प्रशासन विभाग की योजना कहकर पल्ला झाड़ लिया है।