रायपुर
ट्रक में भरा 3 सौ बोरी यूरिया लूटा, पुलिस खाली हाथ
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 2 नवंबर। खरोरा इलाके में एक ट्रक ड्राइवर की चाकू मारकर हत्या का मामला सामने आया है। आरोपी ने ड्राइवर की हत्या के बाद उसके ट्रक में रखे माल की चोरी कर ली। फिर उसकी लाश को नाले के नीचे छिपा दिया। जब आसपास मौजूद लोगों को लाश के सडऩे की बदबू आयी। तो पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने युवक की सड़ चुकी लाश को नाले से बरामद कर लिया। इस मामले में खरोरा पुलिस अब आरोपी की तलाश कर रही है।
चेतन कुमार चंद्राकर ने पुलिस को बताया कि वो भिलाई का रहने वाला है। उसकी ट्रक का ड्राइवर खैरागढ़ का रहने वाला परमेश्वर यादव है। जो 27 अक्टूबर को रायपुर से बलौदाबाजार 3सौ पेटी यूरिया की बाल्टी लोड कर निकला था। चेतन को ड्राइवर परमेश्वर ने उसे फोन पर बताया था कि रात में वो सारागांव के पास आराम करेगा। फिर दूसरे दिन सुबह बलौदाबाजार को निकलेगा।
जानकारी के मुताबिक, ट्रक मालिक चेतन ने जब अपडेट जानने के लिए उसे सुबह फोन लगाया तो उसका नंबर बंद था। फिर वो ट्रक और ड्राइवर को खोजते हुए सारागांव पहुंचा। उसकी गाड़ी आरंग इलाके में लावारिस हालात में खड़ी मिली। उस पर चाबी भी लगी हुई थी। साथ ही गाड़ी में लोड साढ़े 3 लाख रुपए का यूरिया किसी ने चुरा लिया था। मलिक ने ड्राइवर को आसपास खोजा तो वो कहीं नहीं मिला तो उसने आरंग थाने में इसकी सूचना दी थी। चार दिन बाद ट्रक मालिक के पास खरोरा पुलिस ने फोन कर बताया कि सारागांव के पास एक युवक की लाश नाले पर पड़ी मिली है। सिनाख्त करने पर लाश ड्राइवर परमेश्वर यादव की निकली। पुलिस के मुताबिक, युवक की लाश पर चाकू के कई निशान है। किसी ने उसके पेट और सीने पर चाकू से वार कर उसकी हत्या कर दी है। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।