रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 1 नवंबर। भारतीय विमानन प्राधिकरण ने गोंदिया एयरपोर्ट को नागरिक उड्डयन के लिए मान्यता दे दी है । इसके बाद डीजीसीए ने उड़ान लाइसेंस जारी कर दिया है। इसके साथ ही इंडिगो गोंदिया से हैदराबाद के लिए एक दिसंबर से उड़ान शुरू कर रहा है। व्यास ट्रैवल्स के संचालक कीर्ति व्यास के मुताबिक गोंदिया एयरपोर्ट के शुरू होने से रायपुर और नागपुर के बीच एक अतिरिक्त एयरपोर्ट की सुविधा मिल रही है। अब तक इस एयरपोर्ट का इस्तेमाल पायलट ट्रेनिंग स्ट्रिप और एयर एंबूलेंस या अन्य चार्टर्ड उड़ान के लिए होता रहा है। वहीं विदर्भ के इलाके में यह दूसरा एयरपोर्ट होगा।
बहरहाल एक दिसंबर से इंडिगो की गोंदिया, हैदराबाद सीधी फ्लाइट होगी। जो सुबह 10.20 बजे हैदराबाद से टेक आफ के बाद 12.35 बजे गोंदिया एयरपोर्ट पर लैंड करेगी । वापसी में दोपहर 12.55 बजे गोंदिया से उडक़र 2.55 बजे शमशाबाद एयरपोर्ट पर उतरेगा। यह उड़ान रोजाना होगी।
सितंबर में 28 फीसदी अधिक यात्रियों ने उड़ान भरी
इधर रायपुर एयरपोर्ट में यात्री परिवहन पर एक बार फिर रिकॉर्ड बनाया। सितंबर 2022 की तुलना में पिछले सितंबर में 28 प्रतिशत अधिक यात्री रायपुर आए और गए। इस दौरान 1478 विमानों में 2.14 लाख यात्री आए और गए। जबकि सितंबर 22 में 1512 उडानों में 1.67 लाख यात्रियों ने सफर किया। सितंबर माह में यह वृद्धि पिछले तीन महीनों के मुकाबले दो गुने से अधिक रही। एयरपोर्ट डायरेक्टर एन. जैन के मुताबिक इस वर्ष केवल मई महीने को छोडक़र सभी 8 महीनों में यात्रियों की आवाजाही दो अंकों में रही। जनवरी में 1650 उड़ानों में 1.97 लाख यात्रियों ने सफर किया। इसी तरह से सप्ताहिक आंकड़ों के मुताबिक 16 से 22 अक्टूबर के दौरान 173 उड़ानों 23068 यात्री आए, और 23021 रायपुर से गए। वहीं 23 से 29 अक्टूबर के सप्ताह में 172 उड़ानों में कुल 47126 यात्री आए, और गए। पिछले सप्ताह के मुकाबले दो प्रतिशत की वृद्धि रही।