रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 25 अक्टूबर। चुनाव आयोग के सी-विजिल एप (सिटिजन विजिल एप) पर लोगों से प्राप्त हो रही शिकायतों पर तेजी से कार्रवाई की जा रही है। सी विजिल के माध्यम से 23 अक्टूबर तक की स्थिति में प्राप्त कुल 771 शिकायतों में से 761 शिकायतों का निराकरण कर लिया गया है और शेष शिकायतों पर कार्रवाई की जा रही है।
सी-विजिल पर मिलने वाली शिकायतों के निराकरण के लिए सीईओ कार्यालय में अलग से नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्री रीना कंगाले स्वयं प्रतिदिन मिलने वाली शिकायतों पर हुई कार्रवाई की निगरानी कर रही हैं।
अब आम नागरिक आचार संहिता उल्लंघन के मामलों की शिकायत लाइव फोटोग्राफ एवं वीडियो के साथ-साथ ऑडियो क्लिप के माध्यम से भी कर सकेंगे।
यदि कोई नागरिक राज्य में आचार संहिता उल्लंघन की कोई घटना देखता है तो सी-विजिल एप्लीकेशन का उपयोग करते हुए घटनास्थल की एक फोटो या 2 मिनट की वीडियो या ऑडियो क्लिपिंग बनाकर एप्लीकेशन के माध्यम से शिकायत कर सकता है।
शिकायत गुप्त रूप से भी की जा सकती है या एप्प में पंजीकृत होकर भी की जा सकती है।पंजीकृत उपयोगकर्ता के रूप में शिकायत करने पर उपयोगकर्ता को शिकायत निराकरण के पश्चात उसकी सूचना भी दी जाएगी।