रायपुर

गबन के दो मामले: एम्स का जेएओ गिरफ्तार, 27 लाख डकारे
21-Oct-2023 3:17 PM
गबन के दो मामले: एम्स का जेएओ गिरफ्तार, 27 लाख डकारे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 21 अक्टूबर। एम्स रायपुर के कनिष्ठ लेखाधिकारी (जेएओ) योगेंद्र पटेल को पुलिस ने 27 लाख रूपए गबन के मामले में  गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में तो 27 लाख का खुलासा हुआ है लेकिन  यह राशि पांच करोड़ से ज्यादा होने की आशंका है। एम्स प्रबंधन ने थाने में नामजद शिकायत दर्ज कराई थी।

एम्स में नौकरी छोडऩे से पहले डाक्टरों को नियमानुसार तीन महीने पहले आवेदन के माध्यम से प्रबंधन को इसकी सूचना देनी पड़ती है। जो डाक्टर इस अवधि को पूरा किए बिना बीच में नौकरी छोड़ देते हैं, तो नोटिस पीरिएड के बचे दिनों में बनने वाले वेतन की राशि का भुगतान करना पड़ता है। एम्स के बहुत से डाक्टरों ने नोटिस पीरिएड में नौकरी छोड़ी थी। डाक्टरों से राशि लेकर नई रसीद के बदले तीन-चार वर्ष पुरानी रसीद दे दी गई और उस राशि को एम्स के खाते में जमा ही नहीं किया गया। ऐसे ही जिन डाक्टरों ने डिमांड ड्राफ्ट जमा किया था, उन्हें कुछ समय बाद लेनदेन करके डिमांड ड्राफ्ट लौटा दिया गया था।

7 लाख फर्म में जमा न कर गबन किया, रिपोर्ट दर्ज

एग्रो फर्म के वसूली कर्मी के सात लाख रूपए  गबन का मामला दर्ज किया है । विक्की भीमराज हनु कृपा एग्रो इंडस्ट्रीज में काम करता है। 25 अगस्त से 20 अक्टूबर के बीच वह नारायणपुर जाकर दिनेश ट्रेडर्स से अपनी फर्म के बकाया सात लाख रूपए वसूल लाया। वह फर्म में जमा न कर गबन किया। रिषभ कांप्लेक्स एम जी रोड स्थित हनुकृपा के एक अन्य कर्मी हेमंत ताम्रकार ने कल रात मौदहापारा थाने में धारा 408 का मामला दर्ज कराया।


अन्य पोस्ट