रायपुर

बिलासपुर, रायगढ़, कोरबा, बस्तर तथा रायपुर में सर्वाधिक चुनावी जब्ती
19-Oct-2023 3:52 PM
बिलासपुर, रायगढ़, कोरबा,  बस्तर तथा रायपुर में  सर्वाधिक चुनावी जब्ती

अब तक 6.57 करोड़  की नकदी, वस्तुएं की जब्त

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 19 अक्टूबर।
प्रदेश में 19 विभिन्न इन्फोर्समेंट एजेंसियां निष्पक्ष और पारदर्शी निवार्चन में मतदाता को प्रभावित करने के उद्देश्य से परिवहन की जा रही अवैध धन राशि या वस्तुओं की जब्ती और निगरानी रख रही है।  अब तक अवैध धनराशि तथा वस्तुओं की बरामदगी का आँकड़ा 6 करोड़ 57 लाख 3 हजार 62 रूपए हो गया है। इसमें एक करोड़ 46 लाख रूपए नकद राशि बरामद की गई है। 

सीईओ  कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रवर्तन एजेंसियों (इन्फोर्समेंट एजेंसी) द्वारा निगरानी के दौरान अब तक 13 हजार 574 लीटर अवैध शराब जब्त की गई है, जिसकी कीमत 41 लाख 68 हजार रूपए है। साथ ही 1945 किलोग्राम अन्य नशीली वस्तुएं, जिसकी कीमत लगभग 70 लाख रुपए है भी बरामद किया गया है। सघन जाँच अभियान के तहत अधिकारियों ने अवैध रूप से अन्य सामग्रियों जिनकी कीमत 2 करोड़ 17 लाख रूपए जब्त की हैं। इसके अतिरिक्त एक करोड़ 82 लाख रूपए कीमत के लगभग 83 किलोग्राम कीमती आभूषण तथा रत्न भी तलाशी के दौरान जब्त किया गया है।

गौरतलब है कि 5 प्रमुख जिले जहां सबसे अधिक जब्ती की गई है, जिसमें क्रमश: बिलासपुर, रायगढ़, कोरबा, बस्तर तथा रायपुर शामिल है।  प्रवर्तन एजेंसियों के लिए इलेक्शन सीजर मैनेजमेंट सिस्टम (ईएसएमएस) के रूप में वेब एवं मोबाइल एप लांच किया है। इस एप्प में लगभग 1600 से भी ज्यादा  एफएसटी/एसएसटी को रजिस्टर कर एप्प डाउनलोड करवाया गया है एवं इस एप्प के माध्यम से तत्काल जब्तियों की रिपोर्टिंग भी की जा रही है ।
 


अन्य पोस्ट