रायपुर
चार सीटों के नाम एक दो दिन में- साव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 18 अक्टूबर। बुधवार को भाजपा की बची पांच सीटों में से एक सीट पंडरिया से भावना बोहरा के नाम की घोषणा की गई। इस आदेश के बाद एक और आदेश पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अरूण सिंह के नाम और हस्ताक्षर से जारी हुआ जिसमें बेलतरा से दावेदार रही हर्षिता पाण्डेय के नाम का उल्लेख था। न्यूज पोर्टल में यह वायरल भी हुआ। लेकिन हर्षिता ने अपने नाम की घोषणा से इंकार किया। बताया जा रहा है कि किसी ने भावना के आदेश की प्रति में फोटोशॉप का इस्तेमाल कर हर्षिता का नाम लिखकर वायरल कर दिया। हर्षिता, और उनके करीबियों ने इसकी पड़ताल शुरू कर दी। बाद में पूर्व सीएम रमन सिंह ने ट्वीट कर केवल भावना बोहरा के नाम की घोषणा की पुष्टि की। वहीं दूसरी ओर, भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष अरुण साव ने बताया है कि भाजपा जल्द ही उन चार सीटों पर भी नामों का ऐलान करने जा रही है जिन पर उम्मीदवारों की घोषणा नहीं हो पाई है।अम्बिकापुर में प्रत्याशी के ऐलान पर अरुण सव ने कहा कि जल्द ही इस सीट पर भी नाम सामने आएगा। जहा तक डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव के खिलाफ उम्मीदवार का सवाल है उनका प्रयास होगा कि कोई मजबूत उम्मीदवार उनके खिलाफ खड़ा किया जाए।वहीं पूर्व सीएम रमन सिंह ने कहा कि एक,दो दिन में बची हुई लिस्ट आएगी। एक दो सीटों पर हलचल है। वहीं 98 फीसदी सीटों पर शांति है।
इसके बाद तो प्रदेश के कुछ और विधानसभा क्षेत्रों में यह हरकत होने लगी। भाजपा ने अभी अंबिकापुर को भी होल्ड में रखा है। वहां भी समर्थक अपने-अपने दावेदार का नाम लिखकर आदेश को वायरल करने लगे हैं।