रायपुर

बैक डेट से शिक्षा विभाग में हुए तबादले यथास्थिति बनाए रखने आयोग के कड़े निर्देश
13-Oct-2023 8:28 PM
बैक डेट से शिक्षा विभाग में हुए तबादले यथास्थिति बनाए रखने आयोग के कड़े निर्देश

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 13 अक्टूबर। एससीईआरटी में रिक्त पदों से अधिक प्रोफेसर और अन्य पदों पर दर्जन लोगों के बैक डेट से जारी हो रहे ट्रांसफर-पोस्टिंग को चुनाव आयोग ने गंभीरता से लिया है।  प्रमुख सचिव को पत्र भेजकर जवाब तलब किया है।  बैक डेट से जारी हो रहे आदेश के मद्देनजर  प्रमुख सचिव को निर्देश देकर तत्काल स्थिति को यथावत करने का आदेश दिया है। इन डेढ़ दर्जन लोगों ने छह लोगों ने एसईआरटी में पदभार संभाल लिया है। वहीं जिन्होंने ज्वाइनिंग नहीं दी वे चुनाव बाद तक अपने वर्तमान स्थान पर बने रहेंगे।

बता दें कि ये प्रोफेसर और शिक्षक ही मतदान और मतगणना दलों में नियुक्त किए जाते हैं । इस दौर में तबादले मतलब चुनाव ड्यूटी से बचने का तरीका है।

आदेश में दो टूक कहा गया है कि आचार संहित लागू होने के बाद किसी भी अधिकारी व कर्मचारी की नियुक्ति, ट्रांसफर, पोस्टिंग, भारमुक्त, पदभार व प्रमोशन नहीं दिया जा सकता है, लेकिन निर्देश का उल्लंघन कर विभाग की तरफ से नियुक्ति, ट्रांसफर, पोस्टिंग, भारमुक्ति, पदभार ग्रहण व प्रमोशन संबंधी आदेश जारी किये गये हैं।

आयोग ने इसे गंभीरता से लेते हुए तत्काल आदेश के यथावत रखने का आदेश दिया है। साथ ही ये निर्देश भी दिया है कि निर्वाचन आयोग की बिना अनुमति के किसी भी अधिकारी व कर्मचारी का अब नियुक्ति, ट्रांसफर, पोस्टिंग, भारमुक्ति, पदभार ग्रहण व प्रमोशन संबंधी आदेश ना जारी किया जाये। आपको बता दें कि पिछले कुछ दिनों से शिक्षा विभाग से लगातार आदेश जारी हो रहे थे। बेशक उन आदेशों की जारी होने की तिथि पुरानी थी, लेकिन सवाल फिर भी उठ रहे थे कि आखिरकार आचार संहिता के बाद ये आदेश क्यों जारी हो रहे हैं।


अन्य पोस्ट