रायपुर

गंगाजल पर जीएसटी के आरोप झूठे, सीबीडीटी ने कहा-कोई कर नहीं
13-Oct-2023 8:26 PM
गंगाजल पर जीएसटी के आरोप झूठे, सीबीडीटी ने कहा-कोई कर नहीं

खरगे और बघेल ने दी थी जानकारी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 13 अक्टूबर। पिछले दिनों कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े, मुख्यमंत्री भूपेश बघेल समेत कई बड़े कांग्रेसी नेताओं ने मोदी सरकार पर गंगाजल पर 18 प्रतिशत जीएसटी लगाने का आरोप लगाते हुए सोशल मिडिया पर पोस्ट किया था जो सिर्फ एक अफवाह निकला और केंद्रीय अप्रत्यक्ष कर और सीमा शुल्क बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि ‘गंगाजल’ को जीएसटी से छूट दी गई है, जिसके बाद छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल समेत कांग्रेस को करार जवाब दिया है, उन्होंने अपने सोशल मीडिया एक्स (पूर्व में ट्वीटर) पर पोस्ट करते हुए लिखा कि दाऊ भूपेश बघेल आपको और कांग्रेस को सनातन से इतनी नफरत क्यों है?

पहले गंगाजल की झूठी कसम खाकर सरकार बनाई और अब गंगाजल पर जीएसटी का भ्रम फैलाकर झूठ की राजनीति कर रहे हैं। राजनीति तो अपनी जगह है पर इतना तो लिहाज़ करो कि अंतिम समय में सबको माँ गंगा की शरण में जाना है। माँ गंगा को अपमानित करना बंद करिए वरना आपके काले कारनामों के पाप गंगाजल से भी नही धुलेंगे।

पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने भी सीएम भूपेश बघेल से कहा कि वे अपने इस झूठी अफवाह पर जनता से मांफी मांगे।


अन्य पोस्ट