रायपुर

नवरात्रि, रासगरबा को लेकर पुलिस ने बताई पाबंदियां
13-Oct-2023 3:52 PM
नवरात्रि, रासगरबा  को लेकर पुलिस ने बताई पाबंदियां

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 13 अक्टूबर। 
प्रशासन ने गुरूवार को 15 से शुरू हो रहे  नवरात्रि त्योहार के संबंध में समस्त डीजे -धुमाल संचालक गरबा आयोजक एवं दुर्गा माता स्थापना  वाली समिति सदस्यों की बैठक ली। राजधानी जिले के एटीएम, एएसपी  ने बैठक में कहा कि  विधानसभा चुनाव की  आचार संहिता को देखते हुए पंडाल में किसी प्रकार का चुनावी प्रचार प्रसार नहीं किया जायेगा । अनाधृकित एवं असमाजिक तत्वों से बचाव के लिए यथा संभव पंडाल में कैमरा लगाने का सुझाव समितियों को दिया गया। 

पंडाल का निर्माण सार्वजनिक स्थल, रोड को घेरकर नहीं बनाया जाएगा। धीमे स्वर में प्रात: 6 बजे से रात्रि 10 बजे तक डीजे, माइक लाउड स्पीकर का उपयोग किया जा सकता है परन्तु रात्रि 10.00 बजे के बाद  उपयोग करने  पर कार्यवाही होगी। 

सार्वजनिक स्थल में तेज आवाज में डी.जे. एवं धुमाल जैसे ध्वनि विस्तार यंत्र का उपयोग करते पाये जाने पर जप्ती एवं राजसात किया जाएगा। दुर्गा माता मुर्ति का विसर्जन की अनुमति सिर्फ दशहरा एवं दशहरा के अगले दिवस तक होगी। रासगरबा एवं डांडिया जैसे आयोजनों में पास के माध्यम से केवल परिवार के साथ जाने वाले अथवा कपल को ही प्रवेश दिया जाए। साथ ही आयोजन स्थल में पर्याप्त वालेंटियर की व्यवस्था रखें। रासगरबा एवं डांडिया जैसे आयोजनों तथा दुर्गा माता के पंडालों में केवल धार्मिक गानें बजाने की अनुमति होगी।  

मुर्ति आगमन, स्थापना तथा विसर्जन के दौरान  न्यायालय तथा शासन के निर्देशानुसार केवल ग्रीन पटाखे फोडऩे की अनुमति होगी। आयोजन स्थल में विद्युत विभाग से अस्थायी  कनेक्शन लेना होगा।  नवरात्रि त्योहार के दौरान साम्प्रदायिक सद्भाव बिगाडऩे वाले असमाजिक तत्वों पर कड़ी कार्यवाही की जाएगी। साथ ही असामाजिक तत्वों अथवा अस्त्र शस्त्र का प्रयोग करने वाले व्यक्तियों की जानकारी संबंधित थानो में देने अपील की गई।
 


अन्य पोस्ट