रायपुर
रायपुर, 12 अक्टूबर। विधानसभा चुनाव की घोषणा के बाद भारत निर्वाचन आयोग एवं छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा आदर्श आचार संहिता के निर्देशों का पालन कराया जा रहा है। जिसके अंतर्गत होल्डिंग्स, वॉल राइटिंग, आदि को हटाया मिटाया जा रहा है। कल दुर्ग जिले में भाजपा के बाल राइटिंग को मिटाने के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा लाठी राड से नगर निगम के ड्यूटीरत कर्मचारियों पर हमला कर मारपीट किए जाने की आम आदमी पार्टी ने निंदा की है।
आम आदमी पार्टी प्रदेश प्रवक्ता विजय कुमार झा ने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता हताशा में है तथा 2018 में ही छत्तीसगढ़ की जनता ने उन्हें नकार दिया और परिवर्तन कर दिया है । इससे नाराज कार्यकर्ता, शासकीय सेवकों को अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने से रोक रहे हैं। दुर्ग में नगर निगम के कर्मचारियों द्वारा भारतीय जनता पार्टी के वॉल राइटिंग को उच्च अधिकारियों व निर्वाचन आयोग के निर्देश के परिपालन में मिटाया जा रहा था। तब भाजपा कार्यकर्ताओं ने उन पर लाठी राड से हमला बोल दिया। आम आदमी पार्टी ऐसे हमलावर लोगों पर कड़ी कार्यवाही करने व गिरफ्तार करने की मांग करते हुए निर्वाचन आयोग से अपील की है कि निष्पक्ष चुनाव संपादित करने के लिए ऐसे तत्वों पर कड़ी कार्यवाही किया जावे।