रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 11 अक्टूबर। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को चुनाव खर्च को लेकर आयोग के प्रावधानों की जानकारी दी। बताया गया कि प्रत्येक विधानसभा में खर्च की अधिकतम सीमा 40 लाख रुपये है। खर्च का ब्यौरा भी निर्वाचन कार्यालय में प्रस्तुत करना होगा।
सीईओ रीना बाबासाहेब कंगाले ने बैठक में आदर्श आचार संहिता, निर्वाचन व्यय, नामांकन दाखिले की प्रक्रिया और चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि निर्वाचन अवधि के दौरान वाहनों व रैलियों के लिए अनुमति लेना आवश्यक होगा।
अभ्यर्थियों द्वारा नामांकन पत्र दाखिल करने के समय सावधानी बरतें। मतदान के दोनों चरणों में निर्वाचक नामावली में नाम जोड़े जाने की अंतिम तिथि पर भी दलों के सवालों का उन्होंने जवाब दिया।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय के अधिकारियों ने बताया कि इस बार कानून में किए गए संशोधन के अनुसार निर्वाचन ड्यूटी में तैनात कर्मचारियों को केवल सुविधा केंद्र पर ही मतदान करना अनिवार्य होगा।
चुनावी शिकायतों के निराकरण का प्रशिक्षण कल
विभिन्न माध्यमों से प्राप्त होने वाली चुनावी शिकायतों के साफ्टवेयर के माध्यम से त्वरित निराकरण करने सीईओ , छत्तीसगढ़, रायपुर के कार्यालय के सभागृह में 12 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे प्रशिक्षण आयोजित किया गया है। शिकायतों के निराकरण के लिए एक साफ्टवेयर तैयार किया गया है। प्रशिक्षण के दौरान सभी विभागों के नोडल अधिकारियों को साफ्टवेयर के संचालन का प्रशिक्षण दिया जाएगा।