रायपुर

कांग्रेस में टिकट पर मंथन जारी, 13 को सीईसी बैठेगी
10-Oct-2023 5:11 PM
कांग्रेस में टिकट पर मंथन जारी, 13 को सीईसी बैठेगी

15 को जारी होगी सूची

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 10 अक्टूबर।
कांग्रेस में टिकट को लेकर विचार मंथन का दौर चल रहा है। इस कड़ी में 13 तारीख को केन्द्रीय चुनाव समिति की  बैठक दिल्ली में होगी। माना जा रहा है कि बैठक में सूची को हरी झंडी दिखाई जा सकती है। लेकिन प्रत्याशियों का ऐलान 15 अक्टूबर को होगा। 

प्रदेश प्रभारी सुश्री सैलजा मंगलवार को यहां पहुंची, और कोर कमेटी की बैठक में बाकी नेताओं के साथ मिलकर नामों को अंतिम रूप देने की कोशिश में लगी हैं। अब तक की बैठक में 50 सीटों पर एक नाम तय हो पाए हैं। 

बाकी सीटों पर एक नाम के लिए कवायद चल रही है। सरगुजा में कई सीटों पर मौजूदा विधायकों का विरोध है। डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव, रामानुजगंज विधायक बृहस्पत सिंह का विरोध कर रहे हैं। सिंहदेव पूर्व मेयर अजय तिर्की को टिकट दिलाना चाहते हैं। इसके विरोध, और रामानुजगंज में बृहस्पत सिंह के समर्थन में सभा भी हुई है।  सभा में बृहस्पत सिंह समर्थकों ने साफ तौर पर चेता दिया है कि बृहस्पत सिंह के अलावा कोई और मंजूर नहीं होगा। 

बिलासपुर की कुछ सीटों पर भी एक राय नहीं बन पाई है। इन सबके बावजूद अधिकतम दो नाम रखने की कोशिश हो रही है, और जहां सहमति नहीं बन पाएगी वहां केन्द्रीय चुनाव समिति (सीईसी) फैसला लेगी। केन्द्रीय चुनाव समिति की बैठक 13 तारीख को होगी, और माना जा रहा है कि सभी सीटों पर नाम तय हो जाएंगे, लेकिन इसकी घोषणा 15 तारीख को की जाएगी। 


अन्य पोस्ट