रायपुर

सिपाही की पिटाई करने वाले बदमाश नागपुर में फरारी काट रहे
02-Oct-2023 3:48 PM
सिपाही की पिटाई करने वाले  बदमाश नागपुर में फरारी काट रहे

डीएसपी पदोन्नति के बाद गुढिय़ारी में नए थानेदार की नियुक्ति नहीं

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 2 अक्टूबर।  राजधानी में बदमाशों के हौंसले बुलंद हैं। गुढिय़ारी के भरतनगर में गणेश विसर्जन के दौरान डियूटी पर तैनात आरक्षक की पिटाई की। रामनगर चौकी में पदस्थ आरक्षक मोहसीन ख़ान बलवे की शिकायत मिलने पर वहां  पहुंचा था। बदमाश राजेश लहरे, विक्की लहरे और उसके साथियों ने आरक्षक की बेदम पिटाई की। सभी आरोपी  दूसरे दिन भी पकड़ से बाहर है। इन सबके नागपुर में फरारी काटने की खबर है।

उधर गुढिय़ारी के टी आई ,डीएसपी  पदोन्नत होने के बाद से थाने में कोई पदस्थ नहीं किया गया। और वे कम ही थाने आ रहे। दूसरी  ओर राजधानी रायपुर में जल्द बदमाशो के बीच गैंगवार की आशंका काफी प्रबल है।क्योंकि इन गैंग के लडक़े प्रतिद्वंद्वी के  दोस्त हो गए हैं। त्योहार, चुनाव के नाम पर  पुलिस ने अभी तक जो भी धरपकड़ की है उनमें अधिकांश सामान्य से बदमाश,गुंडे हैं।जो पुराने हिस्ट्रीशीटर बदमाश हैं उनमें से कुछ नेताओं के फायनेंसर, भीड़ जुटाने का काम करने वाले शामिल है। पुलिस उन नेताओं के बोझ के तले दबी हुई है।

अभियान की सूचना उन्हें पहले मिल जाती है और पहट को फरार हो जाते हैं। इसमे भी बल, साइबर सेल के ही कुछ उपकृत सिपाही होते हैं। पुलिस के सूत्रों ने बताया कि  आर.साहू, डी.मिश्रा पर जिलाबदर की कार्यवाही के लिए एसएसपी कार्यालय ने   गवाहों के बयान समेत प्रकरण जिला कलेक्टर को भेज दिया है । लेकिन राजनीतिक दबाव में  जिला प्रशासन भी आदेश नहीं कर पा रहे हैं। इनमें से एक  कोतवाली इलाके में  बाजे-गाजे  डीजे के साथ कल रात तफरी करने निकला  था। जो एक भव्य शोभायात्रा की तरह रही है। और एक माना हत्याकांड का आरोपी रहा है।


अन्य पोस्ट