रायपुर

गौठान के चार बीमार गाय का उपचार, एक की लंपी से मौत
01-Oct-2023 7:18 PM
गौठान के चार बीमार गाय का उपचार, एक की लंपी से मौत

रायपुर, 1 अक्टूबर। नगर निगम क्षेत्रातंर्गत स्थित जरवाय गौठान का संचालन रायपुर नगर निगम द्वारा समुचित ढंग से किया जा रहा है। इस गौठान में पानी, चारे एवं पशुओं के स्वास्थ्य जांच व उपचार की पर्याप्त व्यवस्था नगर निगम व पशुधन विभाग की देखरेख में नियमित रूप से किया जा रहा है।

शासकीय पशु चिकित्सक डॉ. सुमीत गर्ग व केके चंद्राकर की निगरानी में गौठान लाए जाने वाले दुर्घटनाग्रस्त, बीमार, वृद्ध पशुओं को प्रतिदिन स्वास्थ्य जांच व उपचार की पर्याप्त सुविधा है। इस गौठान में पानी एवं चारे की व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु पूर्व से ही नगर निगम द्वारा एजेंसी का निर्धारण कर उसकी सेवाएं ली जा रही है। नगर निगम ने यह भी स्पष्ट किया है कि गौठानों के रख-रखाव में लापरवाही पाये जाने पर जिम्मेदार अधिकारी-कर्मचारियों एवं इस कार्य हेतु नियुक्त एजेंसी के विरूद्ध सख्त कार्यवाही की जाएगी।

जरवाय गौठान में भूख-प्यास से 6 गायों की मौत संबंधी समाचार पूर्णत: निराधार एवं असत्य है। इस गौठान में किसी भी गाय की मृत्यु 30 सितंबर 2023 को नहीं हुई है। नगर निगम व गौठान हेतु नियुक्त चिकित्सकों के परामर्श पर यहां रखे गए 5 बीमार गायों को सघन उपचार हेतु राज्य पशु रेफरल चिकित्सालय लाया गया था। उपचार उपरांत वर्तमान में चार गायों के स्वास्थ्य में तेजी से सुधार भी हो रहा है, केवल एक गाय की मृत्यु अत्यधिक बीमार व नि:शक्त होने के कारण उपचार के दौरान हुई है।

तेज बारिश की वजह से इस गौठान में उत्पन्न कीचड़ की स्थिति को देखते हुए पिछले सप्ताह ही सभी पशुओं को जरवाय से अटारी गौठान शिफ्ट करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई थी और अब सभी पशुओं को अटारी गौठान शिफ्ट किया जा चुका है।


अन्य पोस्ट