रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 30 सितंबर। पुलिस ने पिस्टल एवं जिन्दा कारतूस के साथ 2 लोगों को गिरफ्तार किया है। ये दोनों राजधानी में अवैध रूप से पिस्टल व कट्टा को बेचने की तैयारी में थे।
गंज पुलिस ने शुक्रवार को चेकिंग के दौरान 3 पिस्टल एवं 1 नग जिन्दा कारतूस के साथ आरोपियों को पक?ा ।इनसे 2 मोबाईल फोन और नगद 30 हजार रूपए जब्त किए गए हैं। एक आरोपी अफजल खत्री मूलत: अनुपपुर (म.प्र.) का निवासी है। और वह पूर्व में मध्यप्रदेश से आर्म्स एक्ट के प्रकरण में जेल जा चुका है। दोनों ने पिस्टल व जिंदा कारतूस कहां से लाया,इस संबंध में पूछताछ की जा रहीं है । इनके विरूद्ध थाना गंज में धारा 25 आर्म्स एक्ट का अपराध दर्ज किया गया है।
गंज पुलिस आज रेलवे स्टेशन व उसके आसपास के क्षेत्रों सहित दोपहिया/चारपहिया वाहन व संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान गुरूद्वारा के पास दो व्यक्तियों को चेक करने पर उनके पास पिस्टल व जिंदा कारतूस रखा पाया गया। पूछताछ करने पर व्यक्तियों ने अपना नाम अफजल खत्री एवं सोनू मिश्रा निवासी रायपुर बताया। पिस्टल व जिंदा कारतूस के संबंध में वैध दस्तावेज की मांग करने पर दोनों नहीं दिखा सके।
पहले गुमराह करने के बाद कड़ाई से पूछताछ करने पर दोनों ने पिस्टल व जिंदा कारतूस को अवैध तरीके से क्रय-विक्रय करना बताया। उसे जब्त कर दोनों को गिरफ्तार किया। इनमें अफजल खत्री पिता अनवर खत्री उम्र 37 साल निवासी एम.पी.सी.बी. कॉलोनी चचाई अनुपपुर मध्यप्रदेश हाल पता - अमलीडीह न्यू राजेन्द्र नगर रायपुर और सोनू मिश्रा पिता जी.डी. मिश्रा उम्र 36 साल निवासी व्ही.आई.पी कॉलोनी खनिजनगर तेलीबांधा शामिल हैं।