रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 29 सितंबर। शुक्रवार पूर्वान्ह राजधानी के बीच 4-5 किमी के दायरे में उमड़े बादल जमकर बरसे। आधे घंटे तक हुई बारिश से जगह, जगह सडक़, गलियों में जलभराव से शहर की आवाजाही प्रभावित रही।
यह बारिश केवल राजधानी में ही होने की जानकारी दी गई है। नवा रायपुर,महासमुंद, धमतरी में मौसम सूखा रहा। राजधानी में भी तेलीबांधा,पचपेड़ी नाका, लालपुर जैसे इलाके धूप और उमस से परेशान रहे। तो डीडीनगर, अश्वनीनगर लाखेनगर, समता कालोनी, जयस्तंभ चौक, रजबंधा मैदान, कलेक्टोरेट , पंडरी, मोवा दलदलसिवनी और साथ लगे बड़े इलाके जलमग्न हुए। समता कालोनी में तो यह बदबूदार पानी घरो, दुकानों तक जा घुसा।
यह बारिश स्थानीय स्तर पर 4-5 किमी के दायरे पर बने बादलों की वजह से होना बताया गया है ।
वहीं वेदर बुलेटिन के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून के अगले 3 दिनों में उत्तर-पश्चिम भारत और उससे लगे पश्चिम-मध्य भारत के कुछ और स्थानों से मानसून की विदाई के लिए अनुकूल परिस्थितियों बनी हुई हैं।
एक निम्न दाब का क्षेत्र उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी और उससे लगे पूर्व- मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर स्थित है तथा इसके साथ ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण 7.6 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। इसके और ज्यादा प्रबल होकर चिन्हित निम्न दाब के क्षेत्र के रूप में परिवर्तित होकर उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर आगे बढ़ते हुए उत्तर उड़ीसा और उससे लगे पश्चिम बंगाल तट के पास अगले 48 घंटे में पहुंचने की संभावना है। प्रदेश में कल 30 सितंबर को अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने अथवा गरज-चमक के साथ छींटे पडऩे की संभावना है।
प्रदेश में एक-दो स्थानों पर गरज चमक के साथ वज्रपात भी होने की संभावना है। प्रदेश में अधिकतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है।
अब तक1055.0 मिमी औसत वर्षा
रायपुर, 29 सितंबर। एक जून 2023 से अब तक राज्य में 1055.0 मिमी औसत वर्षा दर्ज की जा चुकी है। राज्य के विभिन्न जिलों में 01 जून 2023 से आज 29 सितंबर सवेरे तक रिकार्ड की गई वर्षा के अनुसार बीजापुर जिले में सर्वाधिक 1679.3 मिमी और सरगुजा जिले में सबसे कम 479.6 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गयी है। राज्य स्तरीय बाढ़ नियंत्रण कक्ष से प्राप्त जानकारी के अनुसार एक जून से अब तक सूरजपुर जिले में 773.8 मिमी, बलरामपुर में 968.7 मिमी, जशपुर में 900.8 मिमी, कोरिया में 919.8 मिमी, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में 902.7 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गयी।
इसी प्रकार, रायपुर जिले में 1189.3 मिमी, बलौदाबाजार में 1203.7 मिमी, गरियाबंद में 930.8 मिमी, महासमुंद में 1035.7 मिमी, धमतरी में 966.6 मिमी, बिलासपुर में 1258.1 मिमी, मुंगेली में 1360.1 मिमी, रायगढ़ में 1231.6 मिमी, सारंगढ़-बिलाईगढ़ में 978.9 मिमी, जांजगीर-चांपा में 1198.9 मिमी।