रायपुर

कोल घोटाले के पूरक चालान पर 25 अक्टूबर से सुनवाई
24-Sep-2023 3:47 PM
कोल घोटाले के पूरक चालान पर 25 अक्टूबर से सुनवाई

देवेंद्र-चंद्रदेव को नोटिस

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 24 सितंबर। कोल घोटाले में आज बड़ा अपडेट सामने आया है। 450 करोड़ से अधिक के कोयले पर लेवी वसूली और मनी लॉन्ड्रिंग घोटाले में सप्लीमेंट्री चालान को कोर्ट ने परीक्षण के बाद सुनवाई के लिए स्वीकार कर लिया है।

इस पूरक चालान में विधायक देवेन्द्र सिंह यादव और विधायक चंद्र देव राय समेत फरार 9 आरोपियों को नोटिस जारी किया गया है। विशेष ईडी कोर्ट के न्यायाधीश अजय सिंह राजपुत की स्पेशल कोर्ट ने नोटिस जारी किया है। इस पर  सुनवाई की अगली तारीख 25 अक्टूबर  रखी गई है। ईडी ने करीब तीन माह पहले दोनों के ठिकानों पर रेड के साथ पूछताछ भी की थी ।

पेश न होने की स्थिति में वारंट जारी किया जाएगा। इसके बाद भी पेश नहीं होने पर गिरफ्तारी वारंट भी जारी हो सकता है। वहीं, 25 अक्टूबर को पेश होने से पहले अग्रिम जमानत के लिए आवेदन करना होगा।

अग्रिम जमानत मिलने की स्थिति में गिरफ्तारी से राहत मिलेगी, अन्यथा जेल भेजने के आदेश हो सकते हैं। विधायकों के अलावा इस मामले के अन्य आरोपी, जिनके नाम पर पूरक चालान पेश हुआ है, उनमें पीयूष साहू, विनोद तिवारी,  आर पी सिंह,राम प्रताप सिंह, रोशन सिंह, मनीष उपाध्याय, नवनीत तिवारी और नारायण साहू शामिल हैं।


अन्य पोस्ट