रायपुर

कॉलोनी बनाई पर नहीं बनाई सड़क, बारिश में बढ़ी समस्या
16-Sep-2023 5:02 PM
कॉलोनी बनाई पर नहीं बनाई सड़क, बारिश में बढ़ी समस्या

'छत्तीसगढ़' संवाददाता 
रायपुर, 16 सितंबर। रायपुर के वार्ड क्रमांक 60 चंद्रशेखर आजाद में रावतपुरा फेस 2 एक्टिव कीड्स एकेडमी के पीछे की गली नंबर 4 केलाबाड़ी में कॉलोनी तो बन गई परंतु यहां की सड़कें आज तक नहीं बनीं है। कॉलोनाइजर द्वारा प्लॉट काट के बेचा गया है, लेकिन कॉलोनी के अंदर सड़कें नहीं बनने से वहां के लोगों को आने जानें में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। 


मकान बेचते समय सड़क, बिजली, पानी की पूरी व्यवस्था करने का वादा किया गया था, लेकिन मकान बनने के बाद ये व्यवस्था चरमराई हुई है। यहां के रहवासियों को कई समस्याओं से गुजरना पड़ रहा है। यहां बिजली तो है, लेकिन अभी तक घरों में मीटर नहीं लगा है। घर बना दिए गए हैं लेकिन न तो सड़क और न ही नाली की सुविधा दी जा रही है। लोग दलदल में रहने को मजबूर हैं। सावन की पहली बरसात में ही पानी सड़कों में भर जा रहा है। एक रहवानी ने बताया कि यह निवासरत लोगों ने सड़क बनाने के लिए पार्षद सावित्री साहू से कहा लेकिन उन्होंने इस ओर ध्यान नहीं दिया, यहां रहवासी कई बार नगर निगम में भी इसकी शिकायत कर चुके हैं मगर इसका कोई समाधान नहीं हो सका। 


रास्तों में ट्रैक्टरों की निकलने से गड्ढों में तब्दील हो गए हैं। इससे दो पहिया तो दूर रात्रि में पैदल निकलना तक मुश्किल हो रहा है। कई बार तो बच्चे रास्ते में गिर जाते हैं। रही बची कसर को नाली निर्माण न होने से रास्ते में हो रहे जलभराव ने पूरी कर दी है। मोहल्लावासी मजबूरन ही दूषित पानी से निकल रहे हैं। कॉलोनाइजर तो प्लाट की बेचकर निकल जाते हैं। ऐसे में सड़क व नाली बनाने की जिम्मेदार नगर पालिका पर आ जाती है।


एक रहवासी ने बताया कि सर्दी व गर्मी में तो नाली के पानी कम होने से इधर-उधर से निकल जाते हैं, लेकिन बारिश के मौसम में गिरने का भय बना रहता है।


सुहाना माधवानी ने बताया कि रास्ते में सड़क व नाली तो दूर रास्ता भी ऊबड़ खाबड़ है। ऐसे में दो पहिया वाहन को निकालत लेते हैं, लेकिन चार पहिया वाहन नहीं निकाल पा रहे हैं। मकान के सामने सड़क नहीं डली है। नाली नहीं होने से दूषित पानी गड्ढों में भरा है। इससे संक्रामक बीमारियां होने का खतरा बना हुआ है। 

 

 


अन्य पोस्ट