रायपुर
धनेली नाला ओवर फ्लो, 60 लोगों का रेस्क्यू, बीरगांव स्कूल में पानी भरा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 15 सितंबर। बीते तीन दिनों से रुक रूक कर हो रही मूसलाधार बारिश से प्रदेश के नदी-नाले उफान पर हैं। वहीं शहर से लेकर गांवों में बारिश के पानी के घरों, दुकानों और स्कूलों में घुसने से आम जिंदगी अस्त-व्यस्त हो गई है। यहां तक राजधानी के कई जगहों पर लोगों के पानी फंसे होने पर रेस्क्यू करने के लिए एसडीआरएफ की टीम को लगाना पड़ा है। भारी बारिश के बाद धनेली नाला और सेजबहार इलाके में बाढ़ का पानी घरों में घुस गया। कमर तक पहुंच गए जल स्तर के बीच फंसे लोगों को निकालने के लिए एसडीआरएफ की टीम को बुलाना पड़ा। टीम में शामिल जवानों ने घरों में फंसे 60 लोगों को नाव में बिठाकर सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया। उधर बीरगांव के स्कूल में घुटनों तक पानी भरे होने से बच्चों पढ़ाई में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। पहले बच्चों को पानी साफ करना पड़ा। और इधर शहर के बीच जोन -6 के तहत नरहरेश्वर तालाब से लगे पुलिस लाइन कॉलोनी में भी पानी भरा हुआ है। दोपहर तक इसकी निकासी नहीं हो पाई थी।