रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 15 सितंबर। एमजी रोड स्थित जैन दादाबाड़ी प्रांगण में चल रहे मनोहरमय चातुर्मासिक प्रवचन श्रृंखला में पर्वाधिराज पर्युषण महापर्व की तृतीय प्रभात पर शुक्रवार को नवकार जपेश्वरी साध्वी शुभंकरा श्रीजी ने कहा कि निंद्रावस्था और अर्द्धचेतन अवस्था दोनों में अंतर है। अर्द्ध चेतन अवस्था के दौरान कई बार हमें भी कुछ ऐसे स्वप्न आते है। जिनके पीछे कुछ संकेत होते है। स्वप्न कई बार हमें सचेत भी करते है। भगवान महावीर जब माता त्रिशला के गर्भ में पधारे तब माता को 14 भव्य नजारे स्वप्न में नजर आए थे। संकेत यह स्पष्ट कर रहे थे की गर्भ में स्थान लेने वाला जीव बहुत मजबूत, साहसी और सद्गुणों से भरा होगा। वह बहुत धार्मिक होगा और एक महान राजा या आध्यात्मिक नेता बनेगा। वह धार्मिक व्यवस्था में सुधार और पुनर्स्थापना करेगा। वह जीवन और मृत्यु से परे हो जाएगा। वह स्वयं भी मोक्ष में जाएगा और ब्रह्मांड के सभी प्राणियों को मोक्ष प्राप्त करने के लिए मार्गदर्शन करेगा।
साध्वीजी ने माता त्रिशला के 14 स्वप्नों का वर्णन करते हुए बताया कि पहले स्वप्न में माता को गजराज नजर आए थे। इस सपने ने संकेत दिया कि असाधारण चरित्र गर्भ में स्थापित हुआ है। यह स्पष्ट कर रहा था की यह जीव सम्पूर्ण जगत के लिए एक अलग ही आध्यात्मिक चेतना का मार्गदर्शन करेगा। माता ने दूसरे स्वप्न में एक वृषभ यानी बैल के दर्शन किए थे। यह संकेत था कि गर्भ का जीव महान आध्यात्मिक शिक्षक होगा। वह धर्म की फसल लहलहाएगा। तीसरे स्वप्न में सिंह दिखा जो कि शक्तिशाली और मजबूत होकर निडर, सर्वशक्तिमान और दुनिया पर राज करने में सक्षम होने का संकेत था। चौथे स्वप्न में उन्हें माता लक्ष्मी के दर्शन हुए।
धन, समृद्धि और शक्ति की देवी के स्वप्न में आने से यह स्पष्ट था कि गर्भस्थ जीव को धन और वैभव की कोई कमी नहीं रहेगी और वह एक उत्कृष्ट दानी होगा। वैसे ही पांचवें स्वप्न में माता त्रिशला ने आकाश से उतरती एक सुंदर पुष्पमाला देखी। इस सपने का संकेत था कि गर्भस्थ जीव के शिक्षण की खुशबू पूरे ब्रह्मांड में फैलेगी, और वह सभी का सम्मान करेगा। उन्होंने छठवें स्वप्न में पूर्णिमा का चन्द्र देखा था। इससे संकेत यह माना गया कि गर्भस्थ जीव जगत के सभी प्राणियों के दुख को कम करने में मदद करेगा।