रायपुर

लोक आयोग का पूरा कामकाज हिंदी में होता है
14-Sep-2023 6:32 PM
लोक आयोग का पूरा कामकाज हिंदी में होता है

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 14 सितंबर। छत्तीसगढ़ लोक आयोग में आज हिंदी दिवस के अवसर पर प्रमुख लोकायुक्त न्यायमूर्ति टी.पी. शर्मा की अध्यक्षता में कार्यक्रम आयोजित किया गया ।  लोकायुक्त शर्मा  ने कहा कि हमें अपनी भाषा में कार्य करने एवं प्रचार प्रसार करने के लिए किसी अन्य भाषा का विरोध नहीं करना चाहिए, बल्कि सभी भाषाओं का सम्मान करते हुए हिंदी भाषा को महत्व देना है। कार्यालय में हिंदी में कामकाज किये जाने को बढ़ावा देने पर भी उनके द्वारा जोर दिया। आयोग के सचिव अनुराग पाण्डेय, भा.प्र.से. ने  हिंदी के प्रति सम्मान हेतु दैनिक व्यवहार में हिंदी के उपयोग को बढ़ावा दिये जाने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होने इस बात पर प्रसन्नता व्यक्त की कि छत्तीसगढ़ लोक आयोग में समस्त कामकाज हिंदी भाषा में किया जा रहा है, उनके द्वारा हिंदी दिवस के साथ-साथ सभी को पोरा तिहार की भी शुभकामनाएं दी। कार्यक्रम को विधिक सलाहकार सत्येन्द्र कुमार साहू, तकनीकी सलाहकार  राकेश पुराम, निज सहायक  फूलचंद देवांगन, प्रभारी अनुभाग अधिकारी श्री गजेन्द्र सिंह ठाकुर व श्रीमती साधना श्रीवास्तव, प्र.आर. तीरथराम ठाकरे ने भी संबोधित कर अपने-अपने विचार व्यक्त किये। कार्यक्रम का संचालन उपसचिव  के.पी. सिंह भदौरिया,आभार प्रदर्शन निरीक्षक श्रीमती स्वाति मिश्रा के द्वारा किया गया। कार्यक्रम में वित्तीय सलाहकार श्रीमती श्रद्धा त्रिवेदी, डीएसपी  अर्जुन सिंह एवं अन्य अधिकारी व सभी कर्मचारी उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट