रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 5 सितंबर। शिक्षक दिवस के अवसर पर राजभवन के दरबार हाल में आयोजित राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह में 52 शिक्षकों को सम्मानित किया गया। इनमें से 48 शिक्षक राज्य शिक्षक सम्मान और 4 शिक्षकों को प्रदेश के महान साहित्यकारों के नाम पर स्मृति पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंदन के मुख्य आतिथ्य में राजभवन के दरबार हॉल में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की अध्यक्षता में आयोजित किया गया। इस दौरान अति विशिष्ट अतिथि के तौर पर स्कूल शिक्षा मंत्री रविन्द्र चौबे और विशिष्ट अतिथि के तौर पर संसदीय सचिव द्वारिकाधीश यादव मौजूद थे।
समारोह में राज्य शिक्षक पुरस्कार के लिए चयनित 48 शिक्षिकों में से प्रत्येक को 21-21 हजार रुपए की राशि और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। इसके अलावा प्रदेश के महान विभूतियों की स्मृति में दिए जाने वाले पुरस्कार से सम्मानित होने वाले प्रत्येक शिक्षक को 50-50 हजार रूपए और प्रशस्ति पत्र दिया गया।
इस अवसर पर सीएम भूपेश बघेल सभी शिक्षकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि शिक्षक देश के भविष्य के निर्माता होते हैं। सरकार बच्चों की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी सुविधाएं उपलब्ध करा रही है। सर्व पल्ली राधा कृष्णन और देश के पूर्व राष्ट्रपति एपीजे अब्दूल कलाम ने अपना पूरा जीवन शिक्षा के क्षेत्र समर्पित किया। देश को नई उचाईयों में लाने में योगदान रहा है।
उन्होंने कहा कि शिक्षा को बेहतर बनाने के लिए हमें पहले शिक्षा का वातावरण तैयार करना होगा। स्कूलों के जीर्णोधार स्चछता और इन स्कूलों में शिक्षकों की भर्ती बहुत जरूरी है। इस कड़ी में जर्जर स्कूल भवनों के जीर्णोंद्धार के लिये प्रदेश में ‘मुख्यमंत्री स्कूल जतन योजना‘ प्रारंभ करने के साथ-साथ बड़ी संख्या में नियमित शिक्षकों की नियुक्ति भी की जा रही है।
प्रदेश में 727 से अधिक आत्मानंद स्कूल खोले जा चुके हैं। जिसके लिए बजट तक यह राशि बढ़ाकर केवल 150 करोड़ रुपए की गई। जर्जर और मरम्मत योग्य स्कूल भवनों का जीर्णोंद्धार के लिये 1000 करोड़ रुपए की मंजूरी की घोषणा की और यह भी कहा कि यदि इससे अधिक राशि की आवश्यकता होगी तो वह राशि भी प्रदान की जाएगी।
स्कूल भवनों की मरम्मत के 21 हजार 564 कार्यों तथा 1096.66 करोड़ रुपये की लागत से 7 हजार 598 अतिरिक्त कक्ष की स्वीकृति प्रदान की गई। इस प्रकार मुख्यमंत्री स्कूल जतन योजना के अंतर्गत कुल 29 हजार 162 कार्यों हेतु 2133.66 करोड़ रुपए की स्वीकृति प्रदान करके कार्य प्रारंभ किये गये। 5 सितंबर शिक्षक दिवस के शुभ अवसर पर 8 हजार 152 कार्यों का लोकार्पण किया जाएगा।
वर्तमान सरकार ने बड़े पैमाने पर योग्य एवं पूर्ण अर्हता प्राप्त शिक्षकों की नियुक्तियां की हैं। व्यापमं की परीक्षा द्वारा 10 हजार 834 शिक्षकों की नियुक्तियां की गई। इसके अतिरिक्त स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम स्कूलों में नवीन पद निर्मित करके 6 हजार 730 शिक्षकीय पदों तथा 485 गैर शिक्षकीय पदों पर नियुक्तियां की गई हैं। शिक्षक दिवस के अवसर पर 1300 शिक्षकों को नियुक्ति पत्र देने की घोषण की।