रायपुर

भाठागांव में लोगों का चक्काजाम
05-Sep-2023 7:02 PM
भाठागांव में लोगों का चक्काजाम

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 5 सितंबर। राजधानी के भाठागांव स्थित शीतला चौक  पर  नाली का गंदा पानी कॉलोनी में घुसने पर लोग आक्रोशित होकर सडक़ पर उतर गए। चक्काजाम कर पार्षद और  निगम के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया। सूचना पर पहुंचे निगम के अमले ने लोगों को समझाइश दी, लेकिन गुस्साए लोग उन पर नाराजगी जताते रहे। वहीं सभापति प्रमोद दुबे और यूथ कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष आकाश शर्मा  भी पहुंचे।  लोगों ने बताया कि

नाली का गंदा पानी मोहल्ले में घुसने के साथ ही सडक़ पर बह रहा है। यहां तक की कई घर के अंदर तक घुस गया है। इससे लोग काफी परेशान हैं। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि यह काफी गंभीर समस्या है। दूषित पानी से पेयजल भी गंदा आ रहा है। पानी में बदबू आ रही है। जलभराव से मोहल्ले के कई लोग डेंगू की चपेट में आ गए हैं, जो अभी प्राइवेट हॉस्पिटल में इलाज करवा रहे हैं। बरसात के दिनों में इस सडक़ में पानी भर जाता है। इससे राहगीरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।

बीते दो महीनों से जल भराव का संकट बना हुआ है। यहां के लोग डेंगू ग्रसित भी हैं। बीते दिनों बारिश होने की वजह से नाली का पानी मोहल्ले के सकड़ों में बह रहा है। इस संबंध में मोहल्लेवासियों का कहना है कि इस समस्या का जल्द से जल्द निवारण किया जाए। रोड बनाई जाए। उन्होंने कहा कि इस समस्या के संबंध में क्षेत्र के पार्षद और विधायक को शिकायत कर चुके हैं। कई बार सूचना भी दे चुके हैं। फिर भी समस्या का समाधान नहीं हो पाया है।

मामले में शहर जिला कांग्रेस सचिव जय सोनकर ने कहा कि दो महीने से संकट का शिकायत लेकर पार्षद और विधायक के पास जा रहे हैं। अब तक कोई देखने तक नहीं आए हैं। इसलिए मजबूरी में ये चक्काजाम किया गया है। मोहल्ले के लोग गंदे पानी से होकर आना-जाना कर रहे हैं। इस रास्ते से स्कूल, कॉलेज और यूनिवर्सिटी के स्टूडेंट्स आना जाना करते हैं। मोहल्ले के लोग डेंगू के चपेट में आ गए हैं। उन्होंने कहा कि नगर निगम की गाड़ी पानी निकासी करने आई है।


अन्य पोस्ट