रायपुर

कांग्रेस सरकार बदलने भाजपा की परिवर्तन यात्राएं 12 से
05-Sep-2023 6:53 PM
कांग्रेस सरकार बदलने भाजपा की परिवर्तन यात्राएं 12 से

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 5 सितंबर। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरूण साव ने आज एक पत्रकारवार्ता में बताया कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार को बदलने बीजेपी जशपुर और दंतेवाड़ा से परिवर्तन यात्रा निकालेगी। यह यात्राएं दंतेवाड़ा से 12 सितंबर को जबकि जशपुर से 16 सितंबर को निकलेगी। इन दोनों यात्राओं का बिलासपुर में समापन होगा। परिवर्तन यात्रा के समापन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आमंत्रित किया गया है।

साव ने बताया कि परिवर्तन यात्रा छत्तीसगढ़ के तीन संभागों के 51 विधानसभाओं में पहुँचेगी जबकि जशपुर से निकलने वाली यात्रा दो संभाग के 39 विधानसभाओं में पहुँचेगी। इस दौरान प्रतिदिन यह यात्रा तीन विधानसभा में पहुँचेगी। हर रोज़ कम से कम 6 स्वागत सभा और तीन छोटी सभाएँ होंगी।

उत्तर और दक्षिण छत्तीसगढ़ से शुरु होने वाली यह यात्राएँ 28 से 30 सितंबर के बीच किसी एक दिन बिलासपुर पहुँचेगी, जहां इसका समापन होगा। इन तारीखों के बीच  जो भी तारीख़ प्रधानमंत्री कार्यालय से मिलेगी, समापन उस दिन तय हो जाएगा।

परिवर्तन यात्रा को लेकर जो जानकारी है, उसके हिसाब से हर रोज़ केंद्रीय मंत्री और राज्य के दिग्गज नेता परिवर्तन यात्रा में मौजूद रहेंगे। केंद्रीय मंत्रियों में राजनाथ सिंह, नितिन गडक़री, अनुराग ठाकुर, फग्गन सिंह कुलस्ते, स्मृति ईरानी के नाम शामिल हैं। जशपुर से शुरु हो रही यात्रा के संयोजक अनुराग सिंहदेव और मोती लाल साहू तथा दंतेवाड़ा से शुरु हो रही यात्रा के संयोजक महेश गागड़ा और शिवरतन शर्मा होंगे।


अन्य पोस्ट