रायपुर

आप क्रम से चलोगे तो ज्ञान अर्जित करोगे-साध्वी
05-Sep-2023 6:47 PM
आप क्रम से चलोगे तो ज्ञान अर्जित करोगे-साध्वी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 5 सितंबर। एमजी रोड स्थित जैन दादाबाड़ी प्रांगण में चल रहे मनोहरमय चातुर्मास 2023 की प्रवचन श्रृंखला के दौरान मंगलवार को नवकार जपेश्वरी साध्वी शुभंकरा श्रीजी ने कहा कि आपको जब तक ज्ञान नहीं होगा तब तक आप मोह का त्याग नहीं कर सकते हो।

आपको मोक्ष प्राप्त करना है तो आपको मोह का त्याग करना होगा। आप क्रम से चलोगे तो ज्ञान अर्जित करोगे। पूर्णता को प्राप्त करने के लिए आपको अपने अंदर मग्नता लानी होगी। मग्नता लाने के लिए आपको स्थिर होना पड़ेगा और स्थिरता लाने के लिए आपको अपने मोह का त्याग करना पड़ेगा।

साध्वीजी कहती हैं कि आपको जो चाहिए पूरा चाहिए जबकि बाहर की सांसारिक दुनिया में सब अधूरा है फिर भी आप यह जानते हुए पूरे की चाहत रखते हो। व्यक्ति संसार के क्षेत्र में पूरा पाना चाहता है। ज्ञानी कहते हैं कि संसार में कुछ पूर्ण नहीं है, नहीं था और न ही रहेगा। जबकि धर्म के क्षेत्र में आपको जो भी मिलता है, वह पूरा मिलता है। ज्ञान तो ठीक है और आपको कैवल्य ज्ञान हो जाए तो आपको सब मिल जाएगा। कैवल्य ज्ञान आपको कहीं भी और कभी भी हो सकता है।

खाना खाते समय, सोते समय, ब्रह्मचारी जीवन में या गृहस्थ जीवन में, यह कभी भी आपको मिल सकता है। आपको अपना लक्ष्य निर्धारित रखना है, तब आपको मोक्ष प्राप्त हो सकेगा। लोग सिर्फ दीक्षा लेना चाहते हैं पर वे सुख-साधनों का त्याग नहीं करना चाहते। आपका मन करता है तो आप कहीं भी घूमने निकल जाते हो, जो मन करता है वैसा खा लेते हो, जिससे मिलना है मिल लेते हो हंसी मजाक कर लेते हो पर सहयोग की राह पर आपको यह सब नहीं मिलेगा।


अन्य पोस्ट