रायपुर

विषैला भोजन खाकर तूता की 30 गाय मृत, दो दिन से मैदान में पड़े थे लंच पैकेट, मितान सम्मेलन के लिए लाए गए थे
04-Sep-2023 3:52 PM
विषैला भोजन खाकर तूता की 30 गाय  मृत, दो दिन से मैदान में पड़े थे लंच पैकेट, मितान सम्मेलन के लिए लाए गए थे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 4 सितंबर।   नवा रायपुर के तूता और आसपास के गांवों में फूड प्वाइजनिंग से 30 से अधिक गाय,बछड़ों की मौत हो गई। वहीं सौ से अधिक बीमार बताई गई है। जिला प्रशासन ने गौपालकों के लिए मुआवजे की भी घोषणा कर  दी है।

यह फूड प्वाइजनिंग तूता मेला ग्राउंड में फेंके गए लंच पैक की वजह से होना बताया जा रहा है । यह लंच पैक शनिवार को सांसद राहुल गांधी की अगुवाई में हुए  मितान युवा क्लब के सम्मेलन में आए कार्यकर्ताओं के लिए तैयार कराए गए थे।  जो वितरित न होने पर आयोजकों और कैटरिंग एजेंसी वहीं फैंक गए थे। ऐसे करीब 7-10हजार पैकेट  मैदान में बिखरे पड़े हैं। दो दिन से बंद पड़े इन भोज्य प्रदार्थ विषैले हो गए और आज सुबह जब गांव के गाय,बछड़े और बैल, भैंस चराई के लिए गौठानो से निकले तो मेला ग्राऊंड पहुंचकर यह विषैला खाना खाया। उसके बाद सभी एकाएक बेहोश होकर गिरते रहे। अचानक दर्जनभर से अधिक मवेशियों की सांसें उखड़ गई। खबर फैलते ही तूता और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। अपने जानवरों की पहचान में जुट गए। थोड़ी देर बाद उसकी खबर जिला प्रशासन को लगते ही पशु चिकित्सकों की टीमें भेज दी गई। अब तक मिली जानकारी के अनुसार लगभग 30 गायों की मौत हो चुकी है। 50 से अधिक गंभीर रूप से मरणासन्न है। ग्रामीणों का आरोप है कि मौके पर आए डॉक्टर इंजेक्शन की कीमत 5 से 6 सौ रूपए वसूल रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि मवेशियों के मरने के बाद एंबुलेंस और डॉक्टर भेजकर सरकार क्या करेगी। उसे तो पहले विषैला भोजन साफ कराना था। इधर जिला प्रशासन ने मृत मवेशियों के लिए मुआवजे की भी घोषणा कर दी है। मृत हर गाय के लिए 37 हजार रुपए और बछड़े के लिए 20 हजार दिए जाएंगे।


अन्य पोस्ट