रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 2 सितंबर। सीएम भूपेश बघेल ने राजीव युवा मितान सम्मेलन में महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा कि सरकारी नौकरी में नई नियुक्तियों के लिए 70, 80, 90 प्रतिशत स्टाइपेंड समाप्त किया जाता है।बघेल ने कहा कि पांच साल पहले जब राहुल गांधी जी आये थे तो उन्होंने कहा था कि ऐसी योजनाएं बनाएं जिससे आम आदमी को लाभ हो, आदिवासियों को लाभ हो, किसानों को लाभ हो। हमने ऐसी योजनाएं बनाई जिससे लोगों को लाभ हुआ। किसानों को लाभ मिला। छत्तीसगढ़ में हम प्रतियोगी परीक्षाओं की फीस नहीं लेते। पूरे छत्तीसगढ़ की जनता का भरोसा हमारे साथ है। युवा राष्ट्र की संपत्ति है और इस ऊर्जा का सही उपयोग हमें करना है।
सीएम ने कहा कि हम युवाओं को बेरोजगारी भत्ता भी दे रहे हैं। हम लोगों को अधिकार संपन्न बनाते हैं। नेहरू जी से लेकर मनमोहन सिंह जी तक जब तक हमें अवसर मिला, लोगों को ताकत देने का काम किया है।
इससे पहले उच्च शिक्षा मंत्री उमेश पटेल ने अपने संबोधन में कहा कि आज छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए कोई कार्य ऐसा नहीं है जो वो नहीं कर सकते। छत्तीसगढ़ सरकार ने अपना हर किया हुआ वादा निभाया। राजीव युवा मितान क्लब के जरिए आज युवाओं को सामाजिक, सांस्कृतिक कार्यों से जोड़ा गया है। आज हर युवा प्रदेश के विकास में अपना योगदान दे रहा है। स्वागत उद्बोधन मुख्यमंत्री के सलाहकार प्रदीप शर्मा ने दिया। सांसद दीपक बैज ने कहा कि आज हम सबके लिए गौरव का दिन है।
आज सांसद श्री राहुल गांधी जी युवाओं का मार्गदर्शन और उनमें जोश भरने के लिए यहां आए हैं। मितान क्लब से जुडक़र छत्तीसगढ़ के युवा यहां की संस्कृति, परंपराओं और सरकार की जनहितकारी योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने का काम कर रहे हैं। आज सरगुजा से बस्तर तक विकास की धारा बह रही है।इस अवसर पर पूर्व केंद्रीय मंत्री कुमारी शैलजा, छत्तीसगढ़ विधानसभा के अध्यक्ष डॉ चरणदास महंत, उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव, पंचायत मंत्री रविन्द्र चौबे, संस्कृति मंत्री अमरजीत भगत, सीएसआईडीसी के अध्यक्ष नंदकुमार साय उपस्थित हैं।
अंत में आभार उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने जताया। राहुल और बघेल ने बस्तर और सरगुजा संभाग के लिए सीधी भर्ती से नियुक्त दो हजार शिक्षकों को नियुक्ति पत्र प्रदान किया। वहीं बेहतर काम करने वाले पांच राजीव युवा मितान क्लब के सदस्यों को सम्मानित किया।
