रायपुर

362 किमी के रेल ट्रैक पर ऑटोमेटिक सिग्नलिंग सिस्टम से चल रहीं ट्रेनें
01-Sep-2023 7:16 PM
362 किमी के रेल ट्रैक पर ऑटोमेटिक सिग्नलिंग सिस्टम से चल रहीं ट्रेनें

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 1 सितंबर। बदलते  तकनीक को अपनाते हुए  दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे अपने सिग्नल सिस्टम में भी बदलाव किया है। अब स्वचालित ब्लॉक सिग्नलिंग प्रणाली यानी ऑटोमेटिक ब्लॉक सिग्नलिंग सिस्टम का इस्तेमाल किया जा रहा है । ऑटोमेटिक ब्लॉक सिग्नलिंग सिस्टम में दो स्टेशनों के निश्चित दूरी पर सिग्नल लगाए जाते हैं। 

नई व्यवस्था में स्टेशन यार्ड के एडवांस स्टार्टर सिग्नल से आगे लगभग एक से डेढ़ किलोमीटर पर सिग्नल लगाए गए हैं।  फलस्वरूप सिग्नल के सहारे ट्रेनें एक-दूसरे के पीछे चलती रहती है । अगर किसी कारण से आगे वाले सिग्नल में तकनीकी खामी आती है तो पीछे चल रही ट्रेनों को भी सूचना मिल जाएगी । इससे  ट्रेन सेक्शन में  जहां रहेंगी वहीं रुक जाएंगी ।

कई बार इन सेक्शनों के एक ही दिशा में एक से अधिक ट्रेनों के रुकने से यात्रियों को भ्रम की स्थिति हो जाती है, खासकर जब मेमू ट्रेन जिसके आगे और पीछे दोनों तरफ इंजन होते , या वैसी  मालगाड़ी जिसके पीछे भी बैंकिंग इंजन  होते है । इन ट्रेनों के रुकने से ऐसा प्रतीत होता है कि इनके इंजन आमने सामने आ गए हैं । खासकर जब आगे वाली ट्रेन रुकती है तो पीछे वाली ट्रेन सिग्नल के इशारे का फॉलो कर  एक निश्चित दूरी के अनुसार उसके पीछे रुक जाती है । 

दक्षिण पूर्व रेलवे के बिलासपुर स्टेशन तथा उसके तीनों  दिशा में दाधापारा, चकरभाटा, बिल्हा ,उसलापुर, घुटकू, गतौरा, जयरामनगर तक ऑटोमैटिक सिग्नलिंग सिस्टम है, इस कारण इन सेक्शनों में एक के पीछे एक कई ट्रेनें एक साथ चलती रहती हैं । वहीं इनके किसी वजह से रुकने के कारण इनके वीडियो एवं फोटो से ऐसा प्रतीत होता है कि एक ही ट्रैक पर दोनों ट्रेनें आ गई है,जबकि यह ऑटोमैटिक सिग्नल प्रणाली का सामान्य  परिचालन व्यवस्था है ।

यहां लगे ऑटोमेटिक सिग्नल

नागपुर से भिलाई 279 किलोमीटर,बिलासपुर-जयरामनगर के मध्य 14 कि.मी., बिलासपुर- बिल्हा के मध्य 16 कि.मी. एवं बिलासपुर- घुटकू के मध्य 16 कि.मी., चांपा से कोरबा 37 किलोमीटर जैसे अनेक रेल खंडो में आटोमेटिक सिग्नल प्रणाली लागू की गई है । साथ ही कई महत्वपूर्ण रेलखंडों में इस प्रणाली को स्थापित करने का कार्य तेजी से चल रहा है।  ऑटोमेटिक सिग्नल प्रणाली लागू हो जाने से बहुआयामी लाभ रहा है । इससे एक ओर गाडिय़ों की रफ़्तार तो बढ़ रही है,वही दूसरी ओर लागत की दृष्टि से भी यह काफी कम खर्चीला है । पहले कॉपर के केबल लगाये जाते थे जिसमे लागत ज्यादा आती थी। आजकल ऑप्टिकल फाईबर केबल लगाये जा रहे है।


अन्य पोस्ट