रायपुर

सौ रुपए की सुरक्षानिधि में निगम नीलाम कर रहा 51 गाय, बछड़े और सांड
31-Aug-2023 3:42 PM
सौ रुपए की सुरक्षानिधि में निगम नीलाम कर रहा 51 गाय, बछड़े और सांड

गौ माता की नीलामी का आप पार्टी ने विरोध किया

 ‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 31 अगस्त। निगम के जोन आयुक्त ने इश्तिहार प्रकाशित कर फुंडहर गौठान में 51 गाय,बछड़े, बछिया, सांड की नीलामी का विज्ञापन जारी किया है, जिसमें 1 नवंबर को दोपहर 3 बजे गोवंश को नीलाम किया जाएगा। 100 अभिरक्षा निधि जमा कर नीलामी में भाग ले सकते हैं। छत्तीसगढ़ में गौ माता, की नीलामी का आम आदमी पार्टी ने पत्रकार वार्ता लेकर विरोध किया है।

आम आदमी पार्टी के प्रमुख प्रवक्ता सूरज उपाध्याय, जिला अध्यक्ष नंदन कुमार सिंह एवं प्रदेश प्रवक्ता विजय कुमार झा ने संयुक्त पत्रकार वार्ता में बताया है कि छत्तीसगढ़ सरकार व भूपेश बघेल की गौ रक्षा, गौठान व रामराज्य की नीतियां पूर्णत: असफल है। लाखेनगर कांजी हाउस, फउण्डहर गौठान में चारा दाना 15 दिनों से नहीं दिया जा रहा है।  सरकार गोधन योजना, गोबर योजना, गोमूत्र योजना लागू कर धन अर्जित कर रही है। लेकिन गौ माता की रक्षा में असफल है। गौ माता को क्रय करने के बाद दूसरे को नहीं बेचा जाएगा तथा स्लाटर हाऊस में नहीं भेजा जाएगा।

एक गाय पर 40 लाख खर्च किए अब नीलाम कर रहे

इससे पहले रविवार को मीडिया से चर्चा करते हुए भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष गौरीशंकर श्रीवास ने कहा कि  गौवंश को कत्ल के लिए नीलाम करने के इस खेल में आयुक्त, महापौर और न जाने कौन कौन शामिल हैं। श्रीवास ने कहा कि ऐसी निकृष्ट सरकार कहीं भी नहीं है जिसने पहले वाहवाही लूटने 10 हजार गोठानों के  निर्माण में केंद्रीय मद के अरबों रुपये की राशि का दुरुपयोग किया। एक एक गाय के पीछे तीन तीन फर्जी चरवाहे तैनात कर दिए। एक एक गाय पर चालीस चालीस लाख रुपये खर्च कर दिए। इसलिए भाजपा इसे गौठान घोटाला कहती है।


अन्य पोस्ट