रायपुर

राइजिंग लाइन के उपर अवैध मकान
29-Aug-2023 2:40 PM
राइजिंग लाइन के उपर अवैध मकान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 29 अगस्त।
टिकरापारा संजय नगर के सैलानी पारा में 700 एमएम राइजिंग पाइप लाइन के ऊपर अवैध निर्माण कर लिया गया हैं। ऐसे करीब तीन से चार मकान है। मौके पर पहुंचा निगम अमले ने बताया कि यह अवैध निर्माण है। वे ये मकान  तोडक़र ही पाइप लाइन सुधार  की बात कह रहे हैं लेकिन निगम के पदाधिकारी धर्म विशेष के लोग होने के कारण तोडऩे नही दे रहे।  यह पाइप लाइन भीतर ही क्षतिग्रस्त हो गई है। इसे सुधारने के लिए वहां खुदाई और मरम्मत कार्य में निगम अमले को मुश्किलों से जूझना पड़ रहा है।वह मकान और पाइप, पानी में डूबी हुई है। 

खुदाई करने से मकान की नींव टंग गई है। मरम्मत में बहुत परेशानी हो रही। निर्माण के कारण 6 फीट की गली बन गई है। निगम के लिए सिरदर्द हो गया है।इधर निगम प्रशासन ने एक बयान जारी कर बताया है कि  मौके परएक  पुराने भवन की  नीव होने से अत्यंत सावधानी से जारी सुधार कार्य में अतिरिक्त समय लग रहा है।सुधार एवं मरम्मत कार्य की प्रगति का वहाँ पहुंचकर निगम जल विभाग के अध्यक्ष सतनाम सिंह पनाग ने प्रभारी ईई नरसिंग फरेन्द्र की उपस्थिति में प्रत्यक्ष निरीक्षण किया।

सुधार कार्य स्थल अत्यंत सकरा होने के कारण जेसीबी मशीन से कार्य पुराने भवन की सुरक्षा कारणों से  सावधानी से किया जा रहा है। इस वजह से आज सुबह संजय नगर टंकी से सम्बंधित क्षेत्रों में सुधार कार्य के चलते जलापूर्ति नहीं हो सकेगी। जनसुविधा को दृष्टिगत रखकर व्यवहारिक आवश्यकता के अनुसार पेयजल आपूर्ति पानी के टैंकरों को संजय नगर पानी टंकी से सम्बंधित क्षेत्रों में भेजकर करवाई जा रही है। सुधार कार्य पूर्ण होते ही जलापूर्ति संजय नगर पानी टंकी से नियमित रूप से प्रारम्भ कर दी जायेगी।

पांच वार्डों के दर्जन भर मोहल्लों के एक लाख लोगों को तीन दिन से पानी नहीं 
तीन दिनों में मरम्मत न होने से पूरे इलाके के पांच वार्डों के दर्जन भर मोहल्लों में जलापूर्ति ठप है। इनमें शहीद पंकज विक्रम वार्ड, शाहीद राजीव पांडे वार्ड शहीद ब्रिगेडियर उस्मान वार्ड, विपिन बिहारी सुर वार्ड, महामाया मंदिर वार्ड शामिल हैं । इनके मोहल्लों में संजय नगर,सुदामा नगर,इंद्रा नगर,राजीव नगर,टिकरापारा,मठपारा, सुभाष नगर ,सोनझारा पारा, छत्तीसगढ़ नगर,धरम नगर, गंगा नगर,हमीद नगर  बस्तियों  में कल से पानी नहीं है । एक लाख से अधिक लोग सहित शहर के अनेक क्षेत्र प्रभावित है। मंगलवार को भी  निगम ने सुधार कार्य होने की बात कहा है। इसके एवज में दिन में एक से दो टैंकर ही भेज पा रहा है जो टेल एंड तक नहीं जा रहा, बीच में खाली हो रहा है। और शेष जगह जल संकट बन आया है।

अवैध निर्माण पर कार्रवाई न होने से लाखों मुसीबत में
स्थानीय निवासी राजीव कुमार ने कहा कि अवैध कब्जे, उन पर पक्के निर्माण कैसे लाखों लोगों और प्रशासन के लिए कैसे मुसीबत में  डाल सकते हैं यह बीते दो दिनों से शहर देख रहा है। उसके बाद भी चंद रूपयों की आय के लिए  शासन और  निगम प्रशासन इन अवैध कब्जों को नियमित करा लेने की सुविधा दिए हुए है।


अन्य पोस्ट