रायपुर
कांग्रेस का धरना अभी और चलेगा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 29 अगस्त। महादेव ऑनलाइन सट्टे को लेकर ईडी ने सीएम के ओएसडी मनीष बंछोर, आशीष वर्मा, और राजनीतिक सलाहकार विनोद वर्मा से सोमवार को देर रात तक पूछताछ की। रा त करीब 11 बजे ये तीनों दफ्तर के बाहर निकले। मनीष और आशीष तो अपने घरों को रवाना हो गए, लेकिन विनोद वर्मा कार्यालय के बाहर धरनारत कांग्रेसियों से मिले। इस दौरान उन्होंने कांग्रेसियों को बताया कि ईडी के अफसर 14-14 घंटे बिठाए रखते हैं किन्तु पूछताछ 30 से 45 मिनट ही होती है। वह भी कई किश्तों में इस वजह से दिनभर बिठाए रखा जाता है। वहां मौजूद मीडिया से चर्चा में वर्मा ने यही बात दोहराई और कहा कि ईडी अफसर ऐसा नहीं करेंगे, तो खौफ नहीं रह जाएगा। अगली सुनवाई की तिथि को लेकर कोई जानकारी नहीं है। दूसरी ओर शहर जिला कांग्रेस के नेता मंगलवार को भी पुजारी पार्क परिसर में धरने पर बैठे रहे। शहर अध्यक्ष गिरीश दुबे ने बताया कि हमारा धरना अभी जारी रहेगा। कम से कम 6-7 दिन धरना देने की योजना है। कांग्रेसी प्रदेश में ईडी की कार्यवाही के विरोध में यह प्रदर्शन कर रहे हैं। इस धरने को देखते हुए दफ्तर परिसर में सीआरपीएफ के जवान बड़ी संख्या में तैनात किए गए थे।
वहीं बाहर धरने पर बैठे कांग्रेसी नेता केन्द्र, और ईडी पर जमकर आरोप लगा रहे। दोपहर बाद 4 बजे शहर अध्यक्ष गिरीश दुबे, महापौर एजाज ढेबर, और सभापति प्रमोद दुबे के नेतृत्व में एक प्रतिनिधि मंडल ने ईडी अफसरों को ज्ञापन सौंपा। इसमें उन्होंने रमन सिंह के कार्यकाल के दौरान 2003 से 18 तक हुए ओडीएफ, नान, और रतनजोत घोटाले की जांच की मांग की गई है। दुबे का आरोप था कि ईडी फर्जी तरीके से कांग्रेस नेताओं के खिलाफ जांच कर रही है। एक निष्पक्ष केन्द्रीय एजेंसी, बीजेपी कार्यकर्ताओं की भूमिका में है। क्योंकि भाजपा के पास कार्यकर्ताओं की कमी है। इस धरने में विधायक कुलदीप जुनेजा, रायपुर प्रभारी प्रतीमा चंद्राकर, ग्रामोद्योग बोर्ड के अध्यक्ष राजेन्द्र तिवारी, महामंत्री मलकित सिंह बैदु, कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला, डॉ. राकेश गुप्ता, ज्ञानेश शर्मा, खनिज निगम अध्यक्ष गिरीश देवांगन समेत बड़ी संख्या में शहर कांग्रेस, और युवा के कार्यकर्ता मौजूद थे।