रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 28 अगस्त। सांसद सुनील सोनी को आज दोपहर बीरगांव के एक कार्यक्रम में युवक कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के विरोध का सामना करना पड़ा। कार्यकर्ता काले रूमाल और काले शर्ट पहनकर अश्लील शब्दों के साथ सांसद का विरोध कर रहे थे। सांसद सोनी बीरगांव कॉलेज में एनएसएस के कार्यक्रम में आमंत्रित थे। पूर्व विधायक नंदे साहू के बुलावे पर संसदीय कार्यालय में बैठे सोनी अचानक वहां पहुंचे थे। कॉलेज के एक हॉल में यह कार्यक्रम चल रहा था जहां छात्र और छात्राएं मौजूद थीं। सुनील सोनी संबोधित कर रहे थे कि अचानक युकां के कार्यकर्ता वहां पहुंचे, और विरोध के साथ गाली गुफ्तार भी की। इसे देख सांसद सोनी कार्यक्रम छोड़ धरने पर बैठ गए। वे इन युवकों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। सोनी ने एक बयान जारी कर कहा कि मुझे दुख है कि मैने अपने राजनीतिक जीवन में कभी ऐसा देखा न सुना।


