रायपुर
मूणत का नाम दो जगह से, उदय शदाणी की दावेदारी से हलचल
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 28 अगस्त। रायपुर की चारों सीट के लिए भाजपा में विचार-मंथन हुआ है। खबर है कि रायपुर दक्षिण से पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल के नाम पर एक राय बनी है लेकिन बाकी तीनों सीटों पर उलझन बरकरार है।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक प्रदेश प्रभारी ओम माथुर, और सहप्रभारी नितिन नबीन ने विधानसभा की चारों सीटों को लेकर पर्यवेक्षकों की रिपोर्ट पर पूर्व सीएम डॉ.रमन सिंह और प्रदेश अध्यक्ष अरूण साव से चर्चा की। बताया गया कि रायपुर दक्षिण के लिए पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल का नाम स्वाभाविक रूप से ऊपर था और उनके नाम पर सहमति बन चुकी है।
बताया गया कि रायपुर पश्चिम के लिए पूर्व मंत्री राजेश मूणत का नाम तो पर्यवेक्षकों ने ऊपर रखा था, लेकिन कुछ अन्य वजहों से उनका नाम रायपुर ग्रामीण से पैनल में रखा गया है। रायपुर पश्चिम से मीनल चौबे, मोतीलाल साहू, और आशु चन्द्रवंशी के नाम की भी चर्चा है।
रायपुर उत्तर के लिए भी पैनल से परे कई नामों पर विचार हुआ है। शद्दाणी दरबार के प्रमुख संत युधिष्ठिर लाल के पुत्र उदय शदाणी ने भी दावेदारी की है। पूर्व विधायक श्रीचंद सुंदरानी की स्वाभाविक दावेदारी है। आरडीए के पूर्व अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव, और केदार गुप्ता का नाम भी चर्चा में रहा है।
बताया गया कि रायपुर उत्तर से सिंधी समाज से प्रत्याशी देने पर गंभीरता से चर्चा हुई है। इन सबके बीच सुंदरानी से परे अमर पारवानी, और ललित जयसिंघ का नाम सामने आया है। पारवानी की प्रभारी ओम माथुर से मुलाकात हो चुकी है। चर्चा है कि पारवानी ने विधानसभा चुनाव लडऩे में अनिच्छा जाहिर की है। इन सबके बीच उदय की दावेदारी से बाकी दावेदारों में हलचल है।
दूसरी तरफ, रायपुर ग्रामीण के लिए भाजयुमो के पूर्व अध्यक्ष अमित साहू का नाम चर्चा में रहा है। इसके अलावा राजीव अग्रवाल, शांतनु साहू की मजबूत दावेदारी है। पूर्व मंत्री राजेश मूणत का नाम अचानक ग्रामीण से आने से समीकरण गड़बड़ा गया है। चर्चा है कि चारों सीटों पर पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल की राय काफी अहम रहेगी। ऐसे में प्रदेश प्रभारी ओम माथुर, सहप्रभारी नितिन नबीन, पूर्व सीएम डॉ. रमन सिंह, और प्रदेश अध्यक्ष अरूण साव से चर्चा कर चारों सीटों के लिए आम सहमति बनाने की जद्दोजहद में लगे हुए हैं। कहा जा रहा है कि रायपुर की तीन सीटों में प्रत्याशी की घोषणा में विलंब हो सकता है।


