रायपुर
दुर्ग-भिलाई-रायपुर के रईसजादो का बाइकर्स क्लब
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 27 अगस्त। दुर्ग भिलाई और रायपुर के बाइकर्स ने रविवार सुबह माना एयरपोर्ट रोड पर काफी धमाचौकड़ी मचाया। सुबह 6-7 बजे के बीच न तो पुलिस की गश्त होती है न उस वक्त कोई फ्लाइट। हालांकि सुबह माना, टेमरी,धरमपुरा,फुंडहर और आसपास के गांवों के लोग बड़ी संख्या में रोजी मजूरी के लिए साइकल,आटो से आते जाते हैं। ऐसे में बाइकर अनियंत्रित होकर कितने राहगीरों को चपेट में लेंगे यह महसूस किया जा सकता है। जानकारी के अनुसार रायपुर, दुर्ग और भिलाई के शौकिया, पेशेवर युवकों ने एक बाइकर्स क्लब बनाया है । जो यदा कदा, नवा रायपुर की इन सूनी सडक़ पर धमाचौकड़ी मचाते देखे गए हैं । रइसघरानों के ये युवक महंगी और हल्के आधुनिक बाइक्स में स्टंटबाजी कि शौक पूरा करने अपने साथ ही साथ लोगों की जान से खिलवाड़ कर रहे हैं। आज सवेरे इन बाइकर्स ने टेमरी से तेलीबांधा की ओर स्टंट करते नजर आए। एक राहगीर ने मोबाइल पर शूट कर सोशल मीडिया पर वायरल किया। अब तक मिली जानकारी के अनुसार ये लोग हर सप्ताह छुट्टियों के दिनों में स्टंट करते हैं। लेकिन न तो पुलिस के इसकी भनक हैं न इन्हें खौफ। इस स्टंटबाजी ने पुलिस गश्त सी भी पोल खोल दी है । स्पष्ट है कि किसी वीआईपी मूवमेंट को छोड़ बाकी दिनों में सुबह गश्त नहीं होती। बहरहाल आधा दिन बीतने के बाद भी न ये बाइकर्स न उनके पालक पहचाने गए न पुलिस पकड़ में है।
बता दें कि कुछ वर्ष पूर्व भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान मो.अजहरुद्दीन के पुत्र की हैदराबाद आऊटर रिंग रोड पर ऐसी ही स्टंटबाजी में जान चली गई थी। इस रोड पर देश की सबसे लंबा फ्लाईओवर भी बना है।


