रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 27 अगस्त। हिदायतुल्लाह नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी की छात्रा उर्वी ने जहर खाकर आत्महत्या की। पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट के हवाले से आत्महत्या बताया है।
मोतीहारी बिहार की मूल निवासी उर्वी भारद्वाज, एचएनएलयू में बीएएलएलबी पांचवे सेमेस्टर की पढ़ाई कर रही थी। उसकी लाश परसों विवि के हास्टल में उसके कमरे के बाथरूम में संदिग्ध रूप से मिली थी। लाश के पास से एक कीटनाशक दवा की शीशी भी मिली थी। विवि प्रशासन की सूचना पर राखी पुलिस ने पंचनामा कर लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेजा था। पुलिस को आज पीएम रिपोर्ट मिल गई है । राखी टीआई ने छत्तीसगढ़ को बताया कि छात्रा कि मौत सस्पेक्टेड पायजन से होना बताया गया है। कमरे में एक कीटनाशक दवा की शीशी और मौत के पहले हुई उल्टी( वा मिट) भी मिला जिसे जांच के लिए एफएसएल भेजा जाएगा । उन्होंने कहा कि कल हास्टल के कमरे की सघन पड़ताल की गई । जहां से छात्रा का मोबाइल भी बरामद किया गया है, जिसका सायबर सेल जांच करेगी। कल उर्वी के पिता मोतीहारी से रायपुर पहुंचे, जिन्होंने पीएम के बाद लाश को घर न ले जाकर महादेव घाट रायपुर में ही अंतिम संस्कार कर दिया।
इस नजरिए से भी जांच
पुलिस ने बताया कि उर्वी के मोबाइल की जांच में उसे बीते 24-72 घंटों में हुए इनकमिंग-आउटगोइंग कॉल और वाट्सएप मैसेज करने वालों, मैसेज की भाषा आदि की लव एंगल के नजरिए से भी पड़ताल की जाएगी। हालांकि पुलिस पूछताछ में पिता ने इससे अनभिज्ञता जताई है, ऐसा टीआई ने बताया है। बहरहाल विवि प्रशासन ने इस घटना के बाद कक्षाएं 3 सितंबर तक के लिए स्थगित कर दिया है । और इच्छुक छात्र छात्राओं को घर जाने का विकल्प दिया है।


