रायपुर

आप रोज मंदिर जाते हो, लेकिन क्यों जाते यह आपको खुद नहीं पता-साध्वी शुभंकरा
23-Aug-2023 5:08 PM
आप रोज मंदिर जाते हो, लेकिन क्यों जाते  यह आपको खुद नहीं पता-साध्वी शुभंकरा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 23 अगस्त।
एमजी रोड स्थित जैन दादाबाड़ी प्रांगण में चल रहे मनोहरमय चातुर्मासिक प्रवचन श्रृंखला में बुधवार को नवकार जपेश्वरी साध्वी शुभंकरा श्रीजी ने कहा कि भगवान की भक्ति करने वाले पर भगवान हमेशा अपनी कृपा बरसाते हैं। आपको भक्ति करना है तो भगवान में पूरी तरह लीन हो जाइए, कौन क्या बोल रहा है यह मत सोचिए। भगवान की भक्ति करना है तो मीराबाई जैसी कीजिए जिन्होंने आंख मूंद कर भगवान कृष्ण की भक्ति की थी। परमात्मा की भक्ति में लीन हो जाओगे तो आपके जीवन का उद्धार हो जाएगा। जब आप मंदिर जाते हो तो कभी आपने अपने आप से यह पूछा है कि मैं मंदिर क्यों जा रहा हूं। आप जब डॉक्टर के पास जाते हो तो आपको यह पता रहता है कि आपको क्या परेशानी है और डॉक्टर उसका समाधान करेगा। पर आप डॉक्टर के पास तब जाते हो जब आपको कोई परेशानी होती है। लेकिन मंदिर आप नियमित जाते हो, आपको पता भी नहीं कि आप मंदिर क्यों जा रहे हो। घर वालों ने बोल दिया कि रोज मंदिर जाना है। मंदिर जाने का रोज का रूटीन बनाकर बस जा रहे हो और भगवान के दर्शन करके आ रहे हो। ना आपको पूजन विधि के बारे में पता है ना मंदिर के महत्व के बारे में पता है फिर भी आप बस हर दिन एक चक्कर मंदिर का मार ही लेते हो। हम जब कोई व्यापार करने की सोचते है तो यह देखते है कि इस व्यापार में हमें कितना फायदा होगा और जब आपकी कमाई होती है तो आप उस काम को और अच्छे से करने लगते हो। ऐसा आप इसलिए करते हो क्योंकि व्यापार में होने वाली कमाई आपको प्रत्यक्ष रूप से नजर आती है। परमात्मा के दर्शन करने, पूजा पाठ करने से आपको क्या लाभ हो रहा है यह दिखाई नहीं देता फिर भी आप हर रोज नियमित रूप से मंदिर जा रहे हो। 


अन्य पोस्ट