रायपुर

एस्मा की प्रतियां जलाईं गई, कल सीएम हाउस का घेराव
23-Aug-2023 5:04 PM
एस्मा की प्रतियां जलाईं गई,  कल सीएम हाउस का घेराव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 23 अगस्त। 
छत्तीसगढ़ हेल्थ फेडरेशन के12 संगठनों की बेमुद्दत हड़ताल पर सरकार ने सख्ती बरतना शुरू कर दिया है। हड़ताल के तीसरे दिन बुधवार को एस्मा लगाते हुए सभी अधिकारी कर्मचारियों से काम पर लौटने कहा है । हालांकि इससे हड़ताली बेअसर से हैं। उन्होंने एस्मा आर्डर की प्रतियां जलाकर विरोध बताया। आज प्रदेश के सभी जिलों से प्रतिनिधि राजधानी पहुंच कर तूता में जारी प्रदर्शन में शामिल हैं। 

फेडरेशन का कहना है कि यह सरकार की दोहरी नीति है। कोरोना काल में देवतुल्य की उपाधि दी और वेतन विसंगति दूर करने कहा, तो एस्मा लगाया । इससे आकोशित कर्मचारियों ने एस्मा की प्रतियां जलाकर विरोध किया।  फेडरेशन ने कहा है कि कल 40 हजार स्वास्थ्य कर्मचारी करेंगे मुख्यमंत्री निवास का घेराव करेंगे।  फेडरेशन के पदाधिकारी डॉ इकबाल हुसैन एवं टारजन गुप्ता ने बताया कि जायज मांगों की अनसुनी किए जाने पर इन्हें आज आंदोलन के लिए सडक़ पर उतरना पड़ा है। 

फेडरेशन के पदाधिकारी डॉ कमलेश इजारदार डॉ. रीना राजपूत और सुमन शर्मा ने बताया कि अगर वेतनविसंगति का संशोधन समय रहते नहीं किया गया तो यह कुआं खाई में बदल जाएगा। इससे स्वास्थ्य विभाग के नर्सिंग संवर्ग, ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजक एवं डॉक्टर को भारी नुकसान उठाना पडेगा। फेडरेशन के पदाधिकारी प्रवीण दीडवंशी श्रीमती देवाश्री साव ने कहा कि विभाग ने  वेतनविसंगति दूर करने के लिए सहमत होते हुए शासन को पूर्व में वार्षिक बजट के साथ प्रस्ताव भेजा था। जो लंबित है उसी तरह नर्सिग संवर्ग के वेतनविसंगति के लिए गठित कमेटी ने भी 2018 में अनुशंसा की थी। जो कि आज पर्यन्त तक लंबित है। 

फेडरेशन के  डॉ वी. के पेंगवार, डॉ मनुप्रतापसिंह, डॉ विनयवर्गा के साथ हजारों कर्मचारी अधिकारी धरना स्थल पर 
उपस्थित रहे। दूसरी ओर पूर्व स्वास्थ्य मंत्री अजय चंद्राकर ने एस्मा लगाने पर कहा कि कर्मचारियों के बजाए मंत्री सिंहदेव अपने ऊपर एस्मा लगाएं।


अन्य पोस्ट