रायपुर
पश्चिम से विकास के साथ तीन और
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 22 अगस्त। राजधानी शहर की चारों विधानसभा सीटों के लिए कांग्रेस के दावेदारों के आवेदन जमा करने का सिलसिला आज शाम 5 बजे थम गया। दोपहर तीन बजे तक सभी सीटों के लिए कुल 50 दावेदारों के आवेदन जमा हो चुके थे।
अंतिम दिन रायपुर पश्चिम सीट के लिए विधायक विकास उपाध्याय ने दोबारा उतरने अपना आवेदन दिया। इसी क्षेत्र से रायपुर विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष वरिष्ठ नेता सूर्यमणि मिश्रा ब्लॉक अध्यक्ष देव कुमार साहू को अपना आवेदन दिया। वे पूर्व में अविभाज्य मप्र में युवक कांग्रेस के अध्यक्ष रहे हैं। अपने हम उम्र नेताओं में उनकी साफ सुथरी छवि है। और समर्थकों का एक बड़ा समूह है। इनके अलावा प्रदेश प्रवक्ताधनंजय सिंह ठाकुर ने भी ब्लाक अध्यक्ष देव कुमार साहू को दावेदारी का आवेदन दिया।
विकास उपाध्याय ने तीनों ब्लॉक अध्यक्ष दाऊलाल साहू, अशोक ठाकुर, देवकुमार साहू को आवेदन दिया। विकास उपाध्याय के साथ जोन प्रभारी रवि थॉमस, अमन गिल, सोहन शर्मा, वार्ड अध्यक्ष चिंताराम साहू, सेक्टर प्रभारी रामदास कुर्रे, बूथ अध्यक्ष कृष्णा मानिक, बीएलए निरंजन पठारी, अनुभाग अध्यक्ष निकेश पठारी उपस्थित रहे।
दक्षिण में अधिकाधिक दावेदारों का स्वागत है : इधर रायपुर दक्षिण से कांग्रेस में दावेदारों की अधिक संख्या पर भाजपा विधायक बृजमोहन अग्रवाल ने कहा है कि सभी दावेदारों का मैं माला पहनाकर स्वागत करता हूं। कांग्रेस में जितने अधिक दावेदार आएंगे भाजपा के लिए अच्छा है। क्योंकि दावेदार अधिक होंगे तो अंतरकलह भी बढ़ेगी।


