रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 22 अगस्त। दो बार से स्थगित नगर निगम की सामान्य सभा आज भी हंगामेदार रही। आज की बैठक में एमआईसी के कुल 8 प्रस्तावों पर फैसला होना था। इनमें से दो प्रस्ताव हिन्द स्पोर्टिंग मैदान लाखे नगर में स्टेडियम निर्माण, और गोलबाजार में दूकानों के मालिकाना हक देेने दर को लेकर भाजपा पार्षदों ने हंगामा किया। गोलबाजार के मुद्दे पर भाजपा पार्षद सभापति प्रमोद दुबे के सामने नारेबाजी करते हुए जा बैठे। इनके हाथों में एमआईसी विरोधी नारे लिखे पोस्टर भी थे। इससे पहले हिन्द स्पोर्टिंग मैदान में स्टेडियम निर्माण के प्रस्ताव को भाजपा पार्षद सरिता दुबे ने उठाया।
उन्होंने कहा कि इदगाह के लिए जोगी शासनकाल में सीरत मैदान बैजनाथ पारा को अलर्ट किया जा चुका था। स्टेडियम बनाना है, तो वहां बनाया जाए। इस पर भाजपा के अन्य पार्षदों ने कहा कि यह हिन्द स्पोर्टिंग मैदान क्लब की पापर्टी है वहां नहीं बनाया जा सकता। इसे लेकर ज्ञानेश शर्मा, मृत्युंजय दुबे के बीच इतनी तु-तु, मैं-मैं देखी गई कि हाथापाई ही शेष रहा।
पार्षदों का कहना था कि महापौर ढेबर, ज्ञानेश शर्मा और एमआईसी के सदस्य अपनी नेतागिरी कर चले जाएंगे। यदि कोई न्यायालय में चला गया, तो समिति के मैदान में स्टेडियम के निर्माण के मुद्दे पर आयुक्त मयंक चतुर्वेदी, और अफसर जा फसेंगे। इसलिए अफसरों से हमारा कहना है कि वे ऐसा न होने दे।
मृत्युंजय दुबे का कहना था कि मैदान में समिति का मालिकाना हक बना रहना चाहिए। अंत: सभापति प्रमोद दुबे, और एमआईसी सदस्य ज्ञानेश शर्मा ने विलोपित करने की जानकारी दी। यहां बता दें कि सीएम भूपेश बघेल ने पिछले दिनों भेंट मुलाकात के समय लोगों की मांग पर स्टेडियम बनाने की घोषणा की थी। इससे पहले सुबह बैठक शुरु होते ही निगम द्वारा लगाए गए यूजर चार्ज को लेकर भाजपा पार्षदों ने विरोध जताया। उनका कहना था कि कांग्रेस ने यूजर चार्ज आधा करने की घोषणा की थी, लेकिन अब कम करने की बात कही जा रही है।


