रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 20 अगस्त। सांसद सुनील सोनी कि कहना है कि बूथ लेवल ऑफिसर मतदाता सूची में नए नाम जोडऩे तथा गलत नाम को विलोपित करने के कार्य पर ध्यान नहीं दे रहे है, इसलिए पुनरीक्षण का समय 31 अगस्त के बाद 15 दिन और बढ़ाया जाए। श्री सोनी ने आरोप लगाया कि भारत निर्वाचन आयोग के द्वारा दिए गए आदेशों का पालन मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी छत्तीसगढ़ के द्वारा नहीं कराया जा रहा है।
श्री सोनी ने रविवार को एकात्म परिसर में पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि बूथ लेवल ऑफिसर अपने बूथ पर नहीं बैठ रहे हैं, इसकी शिकायत भाजपा द्वारा छत्तीसगढ़ के निर्वाचन कार्यालय से की गई थी। लेकिन निर्वाचन आयोग तथा कलेक्टर द्वारा अभी तक किसी भी बूथ लेवल ऑफिसर पर किसी भी प्रकार की कोई दण्डात्मक कार्रवाई नहीं की गई है।
भाजपा निर्वाचन समिति के डॉ विजय शंकर मिश्रा ने कहा कि वर्तमान में मतदाता सूची में संशोधन, नाम काटने और नाम जोडऩे की प्रक्रिया चल रही हैं । मगर पिछले 20 दिनों से सीईओ और जिला निर्वाचन कार्यालयों में इस कार्य को लेकर उदासीनता दिखाई है। उन्होंने आगे कहा कि निर्वाचन के वर्तमान हालात को देखते हुए भाजपा ने प्रक्रिया में 15 दिनों की बढ़ोत्तरी की मांग की है।


