रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 19 अगस्त। कांग्रेस की चुनावी प्रक्रिया का पालन करते हुए सीएम भूपेश बघेल ने भी पाटन से दावेदारी पेश कर दी है। सीएम भूपेश ने पाटन चुनाव लडऩे ब्लॉक अध्यक्ष को अपना आवेदन सौंप दिया है। उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव की ओर से अंबिकापुर सामान्य सीट से दावेदारी के लिए पार्टी के समक्ष अपना आवेदन शुक्रवार को प्रस्तुत कर दिया गया है। उपमुख्यमंत्री की ओर से अंबिकापुर सीट के लिये उनका आवेदन उनके प्रतिनिधि के रूप में पीसीसी उपाध्यक्ष जेपी श्रीवास्तव, पीसीसी महामंत्री द्वितेन्द्र मिश्रा एवं जिला कांग्रेस अध्यक्ष राकेश गुप्ता के द्वारा ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अंबिकापुर शहर के अध्यक्ष हेमंत सिन्हा एवं ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अंबिकापुर ग्रामीण विनय शर्मा के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जिसे ब्लॉक अध्यक्ष द्वय द्वारा स्वीकार किया गया।
उधर भाजपा ने तीन दिन पहले पाटन से सांसद विजय बघेल को प्रत्याशी घोषित कर दिया है।जानकारी के अनुसार, रायपुर दक्षिण विधानसभा के लिए आवेदन जमा होने लगे है। कन्हैया अग्रवाल, विकास तिवारी ने ब्लाक अध्यक्ष को आवेदन सौंपा है। उन्होंने रायपुर दक्षिण सीट से दावेदारी की है। गुरुवार से शुरू हुए आवेदन में प्रदेशभर के करीब 350 दावेदार मैदान में उतरे हैं। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों ने बताया कि हर सीट से पांच से 14 दावेदार पहले दिन आवेदन करने पहुंचे। हालांकि वर्तमान विधायकों ने अब तक आवेदन नहीं किया है। सबसे ज्यादा दावेदार रायपुर और बिलासपुर संभाग से सामने आ रहे हैं। दुर्ग संभाग में दावेदारों की संख्या कम है। जबकि बस्तर और सरगुजा संभाग में एक सीट पर दो से तीन दावेदारों ने पहले दिन आवेदन किया। ब्लाक कांग्रेस कमेटी में दावेदारों को 17 से 22 अगस्त तक टिकट के लिए आवेदन करना होगा।


