रायपुर

सोमवार से न ऑपरेशन होंगे, न पोस्टमार्टम, हड़ताल होगी
19-Aug-2023 3:09 PM
सोमवार से न ऑपरेशन होंगे, न पोस्टमार्टम, हड़ताल होगी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 19 अगस्त।
स्वास्थ्य कर्मचारी संगठन सीडा के अध्यक्ष डॉ.इकबाल हुसैन ने सोमवार से शुरू हो रही 45 हजार कर्मियों की हड़ताल को लेकर एक पत्र जारी किया है। हेल्थ फेडरेशन के 12 संगठन के प्रमुख और प्रशासनिक अधिकारियों को भी भेजा है। इसमे कहा है कि सभी प्रशासनिक अधिकारी अपने अधीनस्थ डॉक्टर,नर्सेज,कर्मचारियों एवम स्वास्थ्य संयोजकों के साथ स्ट्राइक में शामिल हों। आपके बिना हमारा स्ट्राइक अधूरा है,आपके बिना हम अपनी मांगों को कैसे पूरा करवा पाएंगे। आप स्वास्थ्य विभाग परिवार के मुखिया है स्ट्राइक में अपने परिवार के लोगों को अकेला न  छोड़े। स्ट्राइक में अपने परिवार के साथ शामिल होकर अपने अधीनस्थ डॉक्टर्स,नर्सेज,कर्मचारी एवम स्वास्थ्य संयोजकों को अपना आशीर्वाद प्रदान करें।

राज्य के अधिकांश अस्पतालों में डॉक्टर्स,नर्सेज एवम  स्वास्थ्य संयोजकों के एक साथ स्ट्राइक पर जाने से व्यवस्था पूरी तरह चरमराने वाली है। हमारे अधिकांश प्रशासनिक अधिकारी भी स्ट्राइक में शामिल हो ही रहे हैं।ऐसे में सभी प्रशासनिक अधिकारियों से यह भी अपील है कि शासन प्रशासन को पत्राचार करके वस्तुस्थिति से आज ही अवगत करा दें। एमएलसी/पोस्टमार्टम नहीं हो पाएगा,इसकी भी सूचना संबंधित थाने को आज ही अवश्य दें।आपातकालीन व्यवस्था भी प्रभावित होगी,सभी स्थानीय जनप्रतिनिधियों और पत्रकारों को कॉल करके के अवश्य बताएं। अपने व्हाट्सएप स्टेटस भी लगाएं।अस्पताल में सुविधाएं नहीं मिलेंगी,तो अस्पताल में हंगामा होना निश्चित है,इसलिए इससे पहले की वो आप पर दोष डालें,आप सभी को स्ट्राइक और प्रभावित होने वाली आपातकाल व्यवस्था के बारे में पहले से ही बता दें।जो ड्यूटी करेगा,वो भी हंगामे का शिकार होगा,ऐसे लोगों के लिए हम उपर वाले से केवल प्रार्थना ही कर सकते हैं।जो आज हड़ताल का आवेदन देगा,उसका आवदेन स्वीकार कर लें और जो कल आवेदन देगा उसकी ड्यूटी लगाना या आवदेन स्वीकारना पूर्णत: आपके उपर निर्भर करेगा।


अन्य पोस्ट