रायपुर

नए शिक्षा सत्र से छत्तीसगढ़ भाषा आदिवासी बोली कक्षा 1 से 5 तक के पाठ्यक्रम में
18-Aug-2023 6:00 PM
नए शिक्षा सत्र से छत्तीसगढ़ भाषा आदिवासी बोली कक्षा 1 से 5 तक के पाठ्यक्रम में

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 18 अगस्त। स्कूल शिक्षा विभाग आगामी शिक्षा सत्र से छत्तीसगढ़ भाषा एवं आदिवासी क्षेत्रों में स्थानीय बोली को कक्षा 1 से 5 तक के पाठ्यक्रम में शामिल करने की कार्यवाही शुरू कर दी है।एससीईआरटी के संचालक  राजेश सिंह राणा ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सीएम बघेल की इस घोषणा पर कार्यवाही के लिए बैठक लेकर आवश्यक निर्देश दिए।

श्री  राणा ने  सभी अशासकीय संगठनों से बहुभाषा शिक्षण के क्षेत्र में उनके द्वारा किए गए कार्यों और अनुभव की संक्षिप्त जानकारी ली। उन्होंने मूलभूत साक्षरता और संख्यात्मकता (एफएलएन) के भाषागत लक्ष्यों, सीखने के प्रतिफलों को ध्यान में रखते हुए एससीईआरटी की अकादमिक टीम के साथ सहयोग करने कहा।

श्री राणा ने इस कार्य के लिए कक्षा 1 से कक्षा 5 तक सर्वप्रथम छत्तीसगढ़ी भाषा (रायपुर एवं बिलासपुर संभाग), सरगुजिहा, हल्बी, गोड़ी, सादरी, कुडुख स्थानीय भाषाओं में 15 सितम्बर तक प्रथम पांडुलिपि तैयार कर प्रस्तुत करने कहा है। अशासकीय संगठनों के प्रतिनिधियों ने कक्षा 1 से 3 तक इस क्षेत्र में कार्य किए जाने वाली स्थानीय भाषाओं में पाठ्य सामग्री निर्माण कर, दी गई समय सीमा में प्रस्तुत करने का आश्वासन दिया है। इसे स्थानीय भाषाओं के लिए पूर्व तैयार की गई समितियों के मध्य 15 सितम्बर को चर्चा  प्रस्तुत किया जाएगा।

बैठक में परिषद् की उपसंचालक श्रीमती पुष्पा किस्पोट्टा, पाठ्यपुस्तक लेखन के प्रकोष्ठ प्रभारी वी.के. तिवारी, सहायक संचालक, सुशील राठोड़, सहायक प्राध्यापक, डॉ. जयभारती चंद्राकर मौजूद थे।


अन्य पोस्ट