रायपुर
विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस के मुख्य आब्जर्वर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 17 अगस्त। छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस के चीफ ऑब्जर्वर (पर्यवेक्षक) बनाए जाने के बाद प्रीतम सिंह राजधानी पहुंचे। उनका छत्तीसगढ़ का यह पहला दौरा है। यहां पहुंचते ही उन्होंने टिकट वितरण और राज्य में कांग्रेस की सरकार को लेकर बड़ा बयान दिया है। मीडिया से चर्चा करते हुए सिंह ने राज्य में फिर से कांग्रेस की सरकार बनाने का दावा किया। उन्होंने कहा कि राज्य में जब से कांग्रेस की सरकार बनी है तब से मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में सरकार प्रदेश के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति के लिए काम कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि हम भाजपा की तरह नहीं है जो केवल चुनाव के दौरान काम करती है। हमारी पार्टी और सरकार पूरे पांच साल तक काम की है। इसके आधार पर हम कह सकते हैं कि प्रदेश में कांग्रेस फिर से पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएंगे।कांग्रेस में टिकट के दावेदारों की संख्या को लेकर कहा कि हर सीट से ज्यादा दावेदार का होना कांग्रेस के लिए कोई नई बात नहीं है। यह मेरे लिए भी कोई नया अनुभव नहीं है। कांग्रेस में ऐसा होता ही है। जो भी साथी पार्टी के लिए काम करता है उसकी इच्छा होती है कि वह भी विधानसभा का चुनाव लड़े।
सिंह ने कहा कि टिकट के दावेदार आवेदन करेंगे। उसकी स्क्रूटनी होगी। टिकट देने का काम राष्ट्रीय नेतृत्व करेगा। उन्होंने कहा कि लेकिन यह तय है कि जिस भी साथी को टिकट मिलेगा कांग्रेस का एक-एक साथी मिलकर उसके जीताने के लिए काम करेगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में जो भी टिकट का दावेदार होता है व जीताऊ और टिकाऊ होता है। सिंह के साथ डॉ. सिरिवेल्ला प्रसाद दूसरे आब्जर्वर हैं।
इससे पहले उनका रायपुर एयरपोर्ट पर पीसीसी महामंत्री रवि घोष और कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। सिंंह ने ट्वीट किया है कि आज बतौर आईसीसी वरिष्ठ पर्यवेक्षक रायपुर (छत्तीसगढ़) पहुंचने पर यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय संयोजक भूपेंद्र नेगी व राष्ट्रीय सचिव लोकेश वशिष्ट के नेतृत्व में युवा कांग्रेस के साथियों द्वारा किये गये स्वागत व स्नेह के लिये हार्दिक आभार।


